दिल्ली में कांग्रेस की रैली: रामलीला मैदान में मोदी सरकार पर जमकर बरसीं प्रियंका गांधी, 'वोट चोर, गद्दी छोड़...'
प्रियंका गांधी ने कहा कि पूरा देश जानता है कि यह 'वोट चोरी' करते हैं और उसी से जीतते हैं। राहुल गांधी ने इसके सबूत दिए। प्रियंका गांधी ने कहा कि हम आपसे यहां यह कहने आए हैं कि हम लड़ते रहेंगे और कभी झुकेंगे नहीं।

दिल्ली के रामलीला मैदान में 'वोट चोर, गद्दी छोड़' रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने 'वोट चोर, गद्दी छोड़' के नारे लगाए। उन्होंने कहा कि वोट की कीमत क्या है, इसे समझना बहुत जरूरी है। देश की संस्थाओं को कुचला जा रहा है। ऐसे में सभी को इसके खिलाफ एक साथ उठ खड़ा होना चाहिए।
प्रियंका गांधी ने कहा कि देश की न्यायपालिकाएं दबाव में हैं। पिछले चुनाओं में कांग्रेस पार्टी के अकाउंट जब्त कर दिए गए। ईडी, सीबीआई भेजी गईं। आज संसद को देखिए, मुश्किल से एक सत्र में एक दो बहस होती है। जब राहुल गांधी और खड़गे ने मुद्दा उठाया कि हमें बहस करनी है, वोट चोरी के मुद्दे पर। लेकिन वह मानने को तैयार नहीं हो रहे थे। वह तब तैयार हुए जब वंदे मातरम पर चर्चा की बात हुई।
कांग्रेस महासचिव ने कहा कि पूरा देश जानता है कि यह 'वोट चोरी' करते हैं और उसी से जीतते हैं। राहुल गांधी ने इसके सबूत दिए। बिहार में आदर्श आचार संहिता के दौरान लोगों के खाते में 10-10 हजार रुपये दिए गए और चुनाव आयोग आंख मूदे हुए था। प्रियंका गांधी ने कहा कि हम आपसे यहां यह कहने आए हैं कि हम लड़ते रहेंगे और कभी झुकेंगे नहीं।
प्रियंका गांधी ने दावा किया कि यदि देश में सही चुनाव और मत पत्र से चुनाव करा लिए जाएं तो भारतीय जनता पार्टी को कभी चुनाव नहीं जीत सकती। कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि बीजेपी और प्रधानमंत्री मोदी का विश्चास घट रहा है तथा सिर्फ निर्वाचन आयोग की बदौलत चुनाव जीता जा रहा है।
प्रियंका गांधी ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे पर दावा किया कि उत्तर प्रदेश में तीन करोड़ नामों को मतदाता सूचियों से काटे गए हैं। उनका कहना था कि बिहार विधानसभा चुनाव में हार को लेकर कांग्रेस समर्थकों को मायूस होने की जरूरत नहीं है क्योंकि यह चुनाव 65 लाख लोगों के नाम मतदाता सूची से काटकर और आचार संहिता के बीच लोगों के खातों में 10-10 हजार रुपये पहुंचाकर चोरी हुआ है।
प्रियंका गांधी ने कहा, ‘‘जब सब संस्थाओं को कुचला जा रहा है, तो एक-एक भारत वासी को उठना चाहिए, जागना चाहिए और समझना चाहिए कि देश के व्यक्ति पर वार हो रहा है।’’
प्रियंका गांधी ने कहा, ‘‘ मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार तथा चुनाव आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू और विवेके जोशी के नाम देश कभी नहीं भूलेगा तथा उन्हें एक दिन उनको जवाब देना होगा।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia