कांग्रेस ने 131वीं जयंती पर बाबा साहेब को किया याद, राहुल गांधी बोले- भारत को संविधान के रूप में दी नई ताकत

अंबेडकर ने कोलंबिया विश्वविद्यालय और लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से अर्थशास्त्र की पढ़ाई की और फिर कानून की भी डिग्री ली। अपने शुरुआती करियर के दौरान ही वह देश के स्वतंत्रता आंदोलन में शामिल हो गए। आजादी के बाद उन्हीं के नेतृत्व में भारत का संविधान तैयार हुआ।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

कांग्रेस ने संविधान निर्माता डॉ बीआर अंबेडकर को उनकी 131वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की है। कांग्रेस ने कहा कि बाबासाहेब समानता, मानवाधिकार और सामाजिक न्याय के स्वरूप हैं। राहुल गांधी ने भी उन्हें याद करते हुए कहा कि 131वीं जयंती के अवसर पर बाबासाहेब डॉ बीआर अंबेडकर को मेरी श्रद्धांजलि। अंबेडकर जी ने भारत को संविधान के रूप में नई ताकत दी।

कांग्रेस ने कहा डॉ. अंबेडकर को याद करते हुए कहा कि बाबासाहेब अंबेडकर समानता, मानवाधिकार और सामाजिक न्याय के स्वरूप हैं। उनका जीवन और कार्य दुनिया भर में करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहा है। उनकी जयंती पर, हम उस व्यक्ति की विरासत का जश्न मनाते हैं जिसने भारत को पवित्र संविधान दिया। कांग्रेस महासचिव अविनाश पांडे ने कहा कि अंबेडकर संविधान के निमार्ता, महान अर्थशास्त्री और गरीबों के रक्षक थे।


बता दें कि डॉ बीआर अंबेडकर ने कोलंबिया विश्वविद्यालय और लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से अर्थशास्त्र की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने वकालत की डिग्री बैरिस्टर एट लॉ भी हासिल की। अपने शुरूआती करियर में उन्होंने एक अर्थशास्त्री, प्रोफेसर और सफल वकील के रूप में काम किया।

लेकिन बाद में वह गांधी जी और पंडित नेहरू के साथ भारत के स्वतंत्रता आंदोलन में शामिल हो गए और अनुसूचित जातियों के राजनीतिक अधिकारों के लिए संघर्ष किया। देश की आजादी के बाद उन्हीं के नेतृत्व में भारत का संविधान तैयार हुआ। अम्बेडकर को 1990 में मरणोपरांत सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न प्रदान किया गया।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia