भोपाल में तेल के दामों के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल, दिग्विजय सिंह समेत 150 कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज

देश में पेट्रोल-डीजल के दाम में लगातार हो रही बढ़ोतरी के खिलाफ बुधवार को मध्य प्रदेश में कांग्रेस ने सड़क पर उतरकर हल्ला बोल प्रदर्शन किया। भोपाल में पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने खुद मोर्चा संभाला, जिसके लिए उनके और 150 कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

देश में पेट्रोल-डीजल के दाम में लगातार हो रही बढ़ोतरी के खिलाफ बुधवार को मध्य प्रदेश में कांग्रेस ने सड़क पर उतरकर हल्ला बोल प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान इंदौर में पूर्व मंत्री जीतू पटवारी ने तो भोपाल में राज्यसभा सांसद और पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने खुद मोर्चा संभाला। जिसके लिए उनके और 150 कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ भोपाल में केस मामला दर्ज कर लिया गया है। इन पर बगैर अनुमति के साइकिल रैली निकालने और कोरोना गाइडलाइंस के उल्लंघन में केस दर्ज किया गया है।

बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने एक दिन पहले ही ऐलान किया था कि पूरे देश के साथ मध्य प्रदेश में भी लगातार बढ़ रहे पेट्रोल-डीजल के दामों के खिलाफ कांग्रेस सड़क पर उतरेगी। जिसके बाद आज प्रदेश भर में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे। उज्जैन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैलगाड़ी पर चढ़कर विरोध जताया। वहीं, जबलपुर में कांग्रेस और सेवादल के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर पेट्रोलियम पदार्थों के दाम वापस लेने की मांग की।

वहीं, राजधानी भोपाल में कांग्रेस ने रोशनपुरा चौराहे से मुख्यमंत्री आवास तक साइकिल रैली निकालने का ऐलान किया था, जिसके लिए बड़ी संख्या में बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ता पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में जुटे। साइकिल रैली मुख्यमंत्री अवास की ओर बढ़ रही थी, लेकिन पुलिस ने आगे बढ़ने से रोक दिया।

इससे पहले दिग्विजय सिंह रोशनपुरा चौराहे से साइकिल पर सवार होकर निकले। उन्होंने थोड़ी दूर साइकिल चलाई, फिर उसके बाद पैदल निकले और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निवास पर जाकर ज्ञापन सौंपा। दिग्विजय सिंह ने कहा, “आज जब तेल की अंतर्राष्ट्रीय कीमतें 40 डाॅलर प्रति बैरल हैं, तब हमारे यहां डीजल की कीमतें बढ़ रही हैं। पेट्रोल के दाम 87 रुपए से ज्यादा और डीजल 78 रुपए प्रति लीटर से ज्यादा हो गया है। 15 दिन में 10 रुपए दाम बढ़े हैं। ऐसा क्यों है। पेट्रोलियम पदार्थों में मूल्य वृद्धि को सरकार वापस ले।”

बाद में बगैर अनुमति साइकिल रैली निकालने पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सहित 150 कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। भोपाल के टीटी नगर थाने के प्रभारी संजीव चौकसे ने बताया कि कोरोना महामारी के चलते किसी को भी प्रदर्शन और रैली निकालने की अनुमति नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बिना अनुमति के साइकिल रैली निकाली, जिस पर उनके और 150 से ज्यादा कार्यकर्ताओं के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। साइकिल रैली को रोशनपुरा से आगे नहीं बढ़ने दिया गया।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia