मोदी सरकार की ‘जनविरोधी’ नीतियों के खिलाफ कांग्रेस की राष्ट्रीय रैली 29 अप्रैल को दिल्ली के रामलीला मैदान में 

कांग्रेस ने मोदी सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आंदोलन का ऐलान किया है। इस क्रम में दिल्ली के रामलीला मैदान में 29 अप्रैल को विशाल राष्ट्रीय रैली की जाएगी।

फोटो : सोशल मीडिया
फोटो : सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

“इस समय देश के हालात बेहद चिंताजनक दौर में हैं। हम महसूस करते हैं कि लोगों में दहशत का माहौल है और लोगों में नफरत फैलाने की कोशिशें हो रही हैं। बीजेपी सरकार में देश के माहौल में जो जहर बोया जा रहा है, उससे लोगों को घुटन हो रही है। समया की नजाकत देखते हुए और जनभावनाओं को व्यक्त करने के लिए कांग्रेस ने 29 अप्रैल को दिल्ली के रामलीला मैदान में राष्ट्रीय रैली करने का फैसला किया है।” यह ऐलान शनिवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने दिल्ली में हुई एक प्रेस कांफ्रेंस में किया। उन्होंने बीजेपी की आलोचना करते हुए कहा कि लोगों को अच्छे दिनों के सपने दिखाए गए थे, लेकिन सब धोखा साबित हुए हैं।

अशोक गहलोत ने कहा कि, “कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी हमेशा देश में प्यार, मुहब्बत और शांति के साथ राजनीति के पक्ष में रहे हैं।” गहलोत ने कहा कि कांग्रेस की किसी से निजी दुश्मनी नहीं है, बल्कि वह जनविरोधी नीतियों का विरोध करती है। उन्होंने कहा कि एससी-एसटी एक्ट में नरमी के विरोध में भारत के दौरान हुई हिंसा के लिए सरकार जिम्मेदार है, और अगर वह चाहती तो हिंसा पर काबू पा सकती थी। उन्होंने कहा कि राजस्थान और मध्यप्रदेश में जो कुछ हुआ वह सबके सामने है।

अशोक गहलोत ने बीजेपी के लोकलुभावन वादों के संदर्भ में कहा कि, “एनडीए ने अच्छे दिनों का वादा किया था, लेकिन चार साल में किसी भी वर्ग को अच्छे दिन देखने को नहीं मिले। आज सभी सहमे हुए हैं, कारोबार चौपट हैं और अर्थव्यवस्था का बुरा हाल है।” गहलोत ने प्रधामनंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इस सरकार ने संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किया है। न्यायपालिका, आरबीआई, राज्यपालों, सीबीआई, इनकम टैक्स विभाग का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संसद में जो कुछ हुआ, वह सबके सामने है। “अब तो इन लोगों ने चुनाव आयोग तक को नहीं छोड़ा। लोकतंत्र में चुनावों के लिए चुनाव आयोग की स्वायत्तता कितनी जरूरी है, लेकिन जो हालात हैं उससे हर कोई परेशान है।”

इस प्रेस कांफ्रेंस में कांग्रेस ने पेट्रोल के दामों का मुद्दा भी उठाया। गहलोत ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल के दाम कम हुए हैं, लेकिन यहां देश में दाम लगातार ऊपर जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्किल इंडिया, डिजिटल इंडिया जैसी बड़ी-बड़ी बातों से लोगों को धोखा दिया जा रहा है। उन्होंने पूछा कि स्मार्ट सिटी के नाम पर लंबे चौड़े वादे किए गए, लेकिन क्या बीते चार साल में कोई स्मार्ट सिटी देखने को मिली।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia