मध्य प्रदेश में किसानों की समस्‍या लेकर सड़कों पर उतरेगी कांग्रेस, जीतू पटवारी ने किया ऐलान

जीतू पटवारी कहा कि दतिया से कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को कोर्ट ने 60 दिन का समय दिया था, लेकिन इसके बावजूद विधानसभा अध्यक्ष द्वारा आधी रात को विधानसभा सचिवालय खुलवाकर उनकी सदस्यता समाप्त कर दी गई। यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया का खुला उल्लंघन है।

मध्य प्रदेश में किसानों की समस्‍या लेकर सड़कों पर उतरेगी कांग्रेस, जीतू पटवारी ने किया ऐलान
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दतिया के कांग्रेस विधायक की सदस्यता अलोकतांत्रिक तरीके से समाप्त करने और प्रदेश में किसानों की बदहाल स्थिति और बीजेपी सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए ऐलान किया है कि कांग्रेस किसानों की समस्या को लेकर सड़क पर उतरेगी।

जीतू पटवारी ने दतिया से कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता खत्म किए जाने पर कहा कि दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को न्याय के लिए 60 दिनों का समय दिया था, लेकिन इसके बावजूद विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर द्वारा आधी रात को विधानसभा सचिवालय खुलवाकर उनकी सदस्यता समाप्त कर दी गई। यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया का खुला उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि एक ओर नरोत्तम मिश्रा के खिलाफ पेड न्यूज का मामला लंबित है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई, जो सरकार के दोहरे मापदंड को उजागर करता है।


किसान समस्या की चर्चा करते हुए पटवारी ने कहा कि प्रदेश में किसान कल्याण वर्ष के नाम पर किसान शोषण वर्ष मनाया जा रहा है। खाद के लिए प्रदेशभर में किसानों को लंबी-लंबी लाइनों में खड़ा होना पड़ा, जहां महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की हुई, लाठियां चलीं और कई बुजुर्गों की जान तक चली गई, जबकि सरकार लगातार खाद की कमी से इनकार करती रही।

उन्होंने नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि किसानों के लिए निर्धारित 50 प्रतिशत राशि खर्च ही नहीं की गई, जो सरकार की नीयत पर सवाल खड़े करती है। पटवारी ने कहा कि सरकार युद्ध का हवाला देकर गेहूं खरीदी में देरी कर रही है, जबकि सच्चाई यह है कि वर्ष 2026 में 10 करोड़ बारदाने की आवश्यकता थी, लेकिन सरकार ने मात्र 2 करोड़ 60 लाख बारदाने का ही आवेदन किया। लगभग 7.5 करोड़ बारदाने की कमी सरकार की घोर लापरवाही को दर्शाती है।


राज्य में गेहूं की खरीदी की तारीख में की जा रही बढ़ोतरी की चर्चा करते हुए पटवारी ने कहा कि खरीदी की तारीखें लगातार आगे बढ़ाई जा रही हैं। पहले 16 मार्च, फिर एक अप्रैल और अब 10 अप्रैल, और आगे भी बढ़ने की संभावना है। इस कुप्रबंधन के कारण किसानों को अपनी उपज औने-पौने दामों पर व्यापारियों को बेचनी पड़ी, लगभग 50 प्रतिशत किसान डिफाल्टर हो गए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने घोषणा की है कि कांग्रेस पार्टी किसानों के समर्थन में प्रदेशभर की मंडियों में प्रदर्शन करेगी। भोपाल में कांग्रेस कार्यकर्ता एक दिन के उपवास पर बैठेंगे और कृषि मंत्री के निवास के बाहर धरना देकर किसानों की आवाज बुलंद करेंगे।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia