दिल्ली में किसानों के ट्रैक्टर मार्च का स्वागत करेगी कांग्रेस, प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौधरी ने किया ऐलान

दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी अनिल कुमार ने आरोप लगाया कि अब तक 100 से ज्यादा किसानों की मौत हो गई है, लेकिन मोदी सरकार किसानों की दुर्दशा से मुंह मोड़े बैठी है। उन्होंने कहा कि सरकार को कानून वापस लेने ही होंगे। कांग्रेस हर कदम देश के किसानों के साथ खड़ी है।

फोटोः IANS
फोटोः IANS
user

आईएएनएस

मोदी सरकार के विवादित कृषि कानूनों के खिलाफ दो महीने से दिल्ली की सीमाओं पर आंदोलन कर रहे हजारों किसान कल गणतंत्र दिवस के अवसर पर राजधानी दिल्ली में किसान ट्रैक्टर परेड निकालेंगे। आंदोलन कर रहे किसानोंं के साथ एकजुटता दिखाने के लिए कांग्रेस दिल्ली में रैली मार्ग पर जगह-जगह किसानों की ट्रैक्टर रैली का स्वागत करेगी।

कांग्रेस की ओर से पार्टी कार्यकर्ताओं को राष्ट्रीय राजधानी में विभिन्न प्वाइंट्स पर किसानों की रैली का स्वागत करने के लिए कहा गया है। कांग्रेस ने कहा है कि अगर वर्तमान रूप में इन तीनों कृषि कानूनों को लागू कर दिया जाता है, तो कृषि क्षेत्र पर कुछ चुनिंदा कॉर्पोरेट कंपनियों का कब्जा हो जाएगा, जो बीजेपी का समर्थन कर रही हैं। और इस तरह देश के किसान चंद पूंजीपतियों के अधीन होकर रह जाएंगे।

दिल्ली कांग्रेस इकाई के अध्यक्ष चौधरी अनिल कुमार ने कहा, "किसान पिछले 61 दिनों से किसान विरोधी कानूनों को निरस्त करने की मांग करते हुए हाड़ कंपाने वाली ठंड में दिल्ली की सीमाओं पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। पहले ही इस गलाने वाली ठंड के कारण आंदोलन में 100 से ज्यादा किसान शहीद हो चुके हैं। मैं व्यक्तिगत रूप से किसानों की ट्रैक्टर रैली का स्वागत करूंगा।"

दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार किसानों की दुर्दशा से बेखबर दिख रही है। चौधरी अनिल कुमार ने कहा कि सरकार को इन किसान और कृषि विरोधी कानूनों को वापस लेना ही होगा। कांग्रेस कदम दर कदम देश के किसानों के साथ खड़ी है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia