पटना में कांग्रेस वर्किंग कमेटी की ऐतिहासिक बैठक आज, बिहार चुनाव, महंगाई और बेरोजगारी पर तय होगी रणनीति!
बैठक में महंगाई, बेरोजगारी, महिला सुरक्षा और चुनावी सुधार जैसे मुद्दों पर प्रस्ताव पारित किए जाने की संभावना है। साथ ही, इंडिया गठबंधन के साथ सीट बंटवारे की रणनीति को भी अंतिम रूप दिया जा सकता है।

कांग्रेस वर्किंग कमेटी (सीडब्ल्यूसी) की ऐतिहासिक बैठक आज पटना के सदाकत आश्रम में होगी। बैठक में पार्टी के सभी बड़े नेता शामिल होंगे और आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति तय की जाएगी।
कांग्रेस नेतृत्व की बड़ी मौजूदगी
बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, सभी कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लवारू और देशभर से हमारे वरिष्ठ नेतागण इस कार्यसमिति की बैठक में शिरकत करेंगे।
बैठक से पहले वेणुगोपाल का बयान
बैठक से पहले कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इसे एक 'ऐतिहासिक अवसर' करार दिया। उन्होंने कहा, "बिहार का कांग्रेस की विरासत में हमेशा से अहम स्थान रहा है, और विस्तारित सीडब्ल्यूसी बैठक में यही विरासत केंद्र में होगी।"
वेणुगोपाल ने याद दिलाया कि कैसे बिहार महात्मा गांधी के चंपारण सत्याग्रह से लेकर डॉ. राजेंद्र प्रसाद और बाबू जगजीवन राम जैसे राष्ट्रीय नेताओं की जन्मभूमि रहा है। उन्होंने कहा, "बिहार एक बार फिर दो राहों पर खड़ा है। एक ओर आशा, सामाजिक न्याय और विकास की राजनीति है और दूसरी ओर नफरत, हिंसा, बेरोजगारी और संविधान के विनाश की राजनीति है। ऐसे में यह बैठक एक स्पष्ट संदेश है कि कांग्रेस बिहार के लोगों के साथ है।"
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का बयान
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि सदाकत आश्रम स्वतंत्रता संग्राम की गौरव गाथाओं का साक्षी रहा है और आज फिर से एक नया इतिहास रचने को तैयार है। आजादी के बाद पहली बार बिहार की इस पवित्र भूमि पर सीडब्ल्यूसी की बैठक हो रही है। यह वह पल है जब कांग्रेस अपने गौरवपूर्ण अतीत को बिहार और देश के भविष्य की विजय से जोड़ेगी। उन्होंने कहा कि यहां से हम सत्ता के लोकतंत्र-विरोधी कदमों और जनता को गुमराह करने वाली नीतियों को परास्त करेंगे।
खड़गे और वेणुगोपाल का पटना पहुंचे
बैठक में भाग लेने के लिए बुधवार को ही कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पटना पहुंच गए, जहां कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। उनके स्वागत में नारे लगाए गए। एयरपोर्ट से निकलने के बाद गंतव्य स्थान तक उनका स्वागत और अभिनंदन किया गया। एआईसीसी के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल भी पटना पहुंच चुके हैं।
इसे भी पढ़ें: कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक के लिए पटना पहुंचे खड़गे, एयरपोर्ट पर कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत
पटना में स्वागत की तैयारियां
इधर, पटना पहुंचने वाले नेताओं के स्वागत में राजधानी की सड़कों पर विभिन्न तरह के पोस्टर और बैनर लगाए गए हैं। कई स्थानों पर तोरण द्वार बनाए गए हैं। कांग्रेस के नेताओं ने कहा कि सीडब्ल्यूसी की बैठक में हम बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की अचूक रणनीति तैयार करेंगे, अपितु भारत के प्रजातंत्र को सुरक्षित करने का संकल्प भी लेंगे। कांग्रेस दृढ़ संकल्पित है कि देश में न्याय, समानता और लोकतंत्र का सूरज फिर से चमकेगा।
170 से अधिक नेता होंगे शामिल
इस महत्वपूर्ण बैठक में 170 से अधिक नेता शामिल होंगे, जिनमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी, कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवन्त रेड्डी, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत, सचिन पायलट, शशि थरूर आदि प्रमुख नाम शामिल हैं।
अहम मुद्दों पर चर्चा
बैठक में महंगाई, बेरोजगारी, महिला सुरक्षा और चुनावी सुधार जैसे मुद्दों पर प्रस्ताव पारित किए जाने की संभावना है। साथ ही, इंडिया गठबंधन के साथ सीट बंटवारे की रणनीति को भी अंतिम रूप दिया जा सकता है।