उत्तराखंड: भारत माता के जयकारों के साथ कांग्रेस की 'भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा' शुरू, दिग्गजों ने भरी हुंकार

कांग्रेस आज से 15 अगस्त तक भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा निकाल रही है। इसी कड़ी में उत्तराखंड में यह तिरंगा यात्रा नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य की मौजूदगी में हल्द्वानी के कांग्रेस कार्यालय से निकाली गई। इसके अलावा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा ने रुद्रप्रयाग जिला मुख्यालय से इस रैली का शुभारंभ किया।

फोटो: @INCUttarakhand
फोटो: @INCUttarakhand
user

नवजीवन डेस्क

कांग्रेस आज से 15 अगस्त तक भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा निकाल रही है। इसी कड़ी में उत्तराखंड में यह तिरंगा यात्रा नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य की मौजूदगी में हल्द्वानी के कांग्रेस कार्यालय स्वराज आश्रम से निकाली गई। इसके अलावा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा ने रुद्रप्रयाग जिला मुख्यालय से इस रैली का शुभारंभ किया। जिसमें कई दिग्गज नेता और सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता शामिल हैं।

बता दें कि नैनीताल जिले में कांग्रेस की भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा शुरू हो गई है। यह यात्रा 9 से 15 अगस्त तक निकाली जाएगी। हल्द्वानी विधानसभा में यह यात्रा कांग्रेस कार्यालय स्वराज आश्रम से शुरू हुई। जिसके बाद यात्रा बाजार, रेलवे बाजार, नवाबी रोड, नैनीताल रोड से निकली। यात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में अच्छा खासा उत्साह देखने को मिला। जोश से लबरेज कार्यकर्ता भारत माता के जयकारे लगाते दिखे। इस यात्रा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश समेत पूर्व विधायक व पदाधिकारी नजर आए।

हल्द्वानी स्वराज आश्रम से तिरंगा हाथों में लेकर कांग्रेसियों ने भारत माता के जयकारों के साथ स्वतंत्रता सेनानियों के जिंदाबाद के नारे भी लगाए। इस दौरान कांग्रेसियों ने स्वतंत्रता सेनानी परिवार से जुड़े लोगों को भी सम्मानित किया। यह तिरंगा यात्रा बुधवार को नैनीताल विधानसभा में निकाली जाएगी। इस मौके नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि आज देश को जोड़ने और एकजुट करने की आवश्यकता है। उन्होंने बीजेपी पर देश को धर्म, जाति आदि के नाम पर बांटने का आरोप भी लगाया।

उधर, रुद्रप्रयाग जिले में भी कांग्रेस की भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा शुरू हो गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा रुद्रप्रयाग जिला मुख्यालय से इसका शुभारंभ किया। इस यात्रा के लिए पूर्व विधायक मनोज रावत को प्रभारी और प्रदीप थपलियाल को जिले का सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। दो दिन तक रुद्रप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में यह यात्रा निकलेगी। जबकि, 13 और 14 अगस्त को केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र में यह यात्रा निकलेगी।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia