'यूपी में बढ़ रहा है कांग्रेस का जनाधार', प्रदेश अध्यक्ष खाबरी बोले- नगर निकाय चुनाव में BJP टेक देगी घुटने!

यूपी कांग्रेस अध्यक्ष ब्रजलाल खाबरी ने कहा कि प्रदेश कमेटी की नई टीम तैयार करने में अब बहुत समय नहीं लगेगा। टीम बनाने की प्रक्रिया बहुत पहले से चल रही है। बीच में निकाय चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई इस कारण टीम नहीं आ सकी।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बृजलाल खाबरी ने कहा कि राज्य में कांग्रेस का जनाधार बड़ी तेजी से बढ़ रहा है। पार्टी ने पिछले ढाई माह में ही काफी ग्रोथ किया है। आने वाले छह माह में हमारी पार्टी यूपी में हर जगह दिखेगी।

ब्रजलाल खाबरी ने कहा कि प्रदेश कमेटी की नई टीम तैयार करने में अब बहुत समय नहीं लगेगा। टीम बनाने की प्रक्रिया बहुत पहले से चल रही है। बीच में निकाय चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई इस कारण टीम नहीं आ सकी। चुनाव आगे बढ़ेंगे तो भारत जोड़ो यात्रा के बाद हम टीम घोषित कर देंगे।

नगर निकाय के चुनाव को लेकर कांग्रेस की तैयारी के सवाल पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि हमारी इतनी बड़ी तैयारी है कि बीजेपी घुटने के बल बैठ जाएगी। कांग्रेस पूरी दमदारी के साथ निकाय चुनाव लड़ेगी और नगर निगम और पालिका में अव्वल दिखाई देगी।

अभी हाल में हुए उपचुनाव में बीएसपी की अनुपस्थिति में दलित वोट समाजवादी पार्टी की तरफ चला गया, जबकि कांग्रेस इस वोट बैंक को अपने पाले में लाने के प्रयास में थी। इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि अधिकांश जाटव बिरादरी का वोट जब उसे कोई रास्ता नहीं मिला तो वह डालने ही नहीं गया। मेरी बहुत सारे लोगों से बात हुई है। आने वाले समय में जो भी चुनाव होंगे दलितों का वोट कांग्रेस के पाले में ही पूरी ताकत के साथ आयेगा।


वर्तमान में यूपी कांग्रेस में कई क्षत्रप हैं चाहे नसीमुद्दीन और सलमान खुर्शीद हों अथवा अन्य कोई, इनके बीच पार्टी को कैसे आगे ले जायेंगे, इस पर उन्होंने कहा कि यहां कोई क्षत्रप का मामला नहीं है अब जनता को लुटने से बचाना है। जनता जागरूक है इसलिए अब सब एकजुट होकर राहुल गांधी के साथ चल रहे हैं।

प्रियंका गांधी का विधानसभा चुनाव के बाद यूपी में नहीं आने पर उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद तमाम काम थे। हिमाचल का चुनाव भी उन्हें देखना था। इस कारण वह यहां नहीं आ सकी। उनके डायरेक्शन में यहां काम हो रहा है। संगठन को लेकर समय-समय पर संवाद होता रहता है। नीति और अभियान के बारे में एक बार वार्ता होती रहती है।

भारत जोड़ो यात्रा कांग्रेस ने काफी जोर शोर से निकाल रही है, लेकिन यूपी को महज तीन दिन मिला है, इस सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वैसे यूपी इस यात्रा में शामिल नहीं था। जो रूट बना था उसमें यूपी शामिल नहीं किया गया था, लेकिन बाद में प्रदेश संगठन के अनुरोध पर तीन दिन मिले हैं। हम दिखाना चाहते हैं कि अन्य राज्य की तरह यूपी भी पार्टी नेतृत्व के साथ कदम मिलाकर चलना चाहता है।

यात्रा में शामिल होने के लिए कांग्रेस ने विपक्षी दल समाजवादी पार्टी, आरएलडी और बीएसपी को आमंत्रण दिया है, लेकिन अखिलेश और आरएलडी मना कर रहे हैं, ऐसे में विपक्ष एक कैसे होगा, इस पर उन्होंने कहा कि हमारा काम इस यात्रा के माध्यम से नफरत को खत्म कर भाईचारा कायम करना है। जब हम भारत जोड़ने निकले हैं तो जो भी रास्ते में मिले उससे नमस्ते करना है। पार्टी ने निर्णय लिया है कि इस यात्रा में समान विचारधारा के दल, डाक्टर, इंजीनियर, एनजीओ को साथ में चलने का आमंत्रण दिया जाए। संविधान बचाने के लिए जो साथ चलेगा उसका स्वागत है। यूपी से खाप पंचायतों ने यात्रा में शामिल होने की हामी भरी है।


एसपी और बीएसपी यात्रा में शामिल होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि एसपी को देख रहे हैं, किस प्रकार की राजनीति हो रही है। बीएसपी, बीजेपी की गोद में बैठी है। मायावती अपने को मिटाने के लिए खुद ही पर्याप्त हैं। यह पूछने पर कि बीएसपी के एक सांसद ने तो दावा किया है कि मायावती भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होंगी और वह गठबंधन से चुनाव लड़ने की भी बात कर रहे हैं। इस पर खाबरी ने कहा कि सासंद श्याम सुंदर यादव अब बीएसपी से स्वतंत्र हैं। अब कुछ भी बोल सकते हैं। इतना बड़ा निर्णय करवाना उनके बस में नहीं है। मायावती के साथ आने के कोई चांस नहीं है।

एसपी के साथ गठबंधन पर उन्होंने कहा कि एक बार राहुल गांधी और अखिलेश यादव साथ आ चुके हैं। आगे एक बार फिर नजदीक आ जाएं तो इसे नकारा नहीं जा सकता है। 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की तैयारी के बारे में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि यहां से बीजेपी को साफ कर देंगे। लोगों की कल्पना नहीं होगी उतने सांसद कांग्रेस के होंगे।

भारत जोड़ो के बाद हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा के बारे में उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत राज्य के हर गांव जायेंगे और राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का वृतांत बताएंगे। 3800 किमी यात्रा के अनुभव को बताया जाएगा। यह 26 जनवरी को लांच होगी। इसमें पूरे प्रदेश का संगठन लगेगा।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia