मुंबई में आतंकी हमले की साजिश? ताज होटल को बम से उड़ाने की मिली धमकी, पाकिस्तान से जुड़े तार

मुंबई के ताज होटल के पास रात 12.30 बजे एक धमकी भरा फोन आया, जिसके बाद मुंबई पुलिस को सूचित किया गया। यह फोन कथित रूप से पाकिस्तान के कराची से किया गया था और फोन करने वाले ने बम से होटल को उड़ाने की धमकी दी।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

मुंबई में गेटवे ऑफ इंडिया के पास मौजूद मशहूर होटल ताज महल पैलेस को उड़ाने की धमकी मिलने के बाद इसके आसपास की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।

सूत्रों ने बताया कि होटल के पास रात 12.30 बजे एक धमकी भरा फोन आया, जिसके बाद मुंबई पुलिस को सूचित किया गया। यह फोन कथित रूप से पाकिस्तान के कराची से किया गया था और फोन करने वाले ने बम से होटल को उड़ाने की धमकी दी। होटल के आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और आगे की जांच चल रही है।


बता दें कि यह होटल 26 नवंबर, 2008 के मुंबई आतंकवादी हमलों के दौरान पाकिस्तानी आतंकवादियों का मुख्य निशाना था। इस हमले में 166 से अधिक लोग मारे गए थे और 300 से अधिक लोग जख्मी हो गए थे। मरने वालों में 28 विदेशी नागरिक भी शामिल थे। इस हमले ने पूरे देश को झकझोर दिया था।

इस हमले में एकमात्र आतंकी अजमल कसाब को जिंदा पकड़ा गया था। उससे भारतीय जांच एजेंसियों ने घटना के बारे में पूरी पूछताछ की जिससे इस घटना में पाकिस्तान के हाथ होने का पता चला था।

(आईएएनएस के इनपुट के साथ)

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


/* */