मैसूर गैंगरेप पर कर्नाटक के मंत्री का विवादित बयान, कहा- ऐसी घटनाएं हर समय होती रही हैं

मैसूर सामूहिक दुष्कर्म मामले में कर्नाटक के मंत्रियों के विवादित बयान जारी है गृह मंत्री अरागा ज्ञानेंद्र की चौंकाने वाली टिप्पणी के बाद अब श्रम मंत्री शिवराम हेब्बार ने इस गंभीर अपराध को लेकर विवादास्पद बयान दिया है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं हर समय होती रही हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

मैसूर सामूहिक दुष्कर्म मामले पर कर्नाटक के गृह मंत्री अरागा ज्ञानेंद्र की चौंकाने वाली टिप्पणी के बाद अब श्रम मंत्री शिवराम हेब्बार ने इस गंभीर अपराध को लेकर विवादास्पद बयान दिया है। शिवराम हेब्बार ने कहा कि सामूहिक दुष्कर्म की ऐसी घटनाएं हर समय होती रही हैं। ऐसी घटनाएं अन्य सरकारों के समय में भी हुई हैं। ये चीजें काफी समय से हो रही हैं।

उन्होंने कहा, ऐसा नहीं है कि इस तरह की घटनाएं केवल हमारी पार्टी के सत्ता में आने के बाद ही हो रही हैं। महिलाओं को पहले भी निशाना बनाया जाता रहा है।

उन्होंने कहा कि अपराध करने वाले ऐसे दुष्ट व्यक्ति समाज में हमेशा रहते हैं। यह एक दुर्भाग्यपूर्ण और चौंकाने वाली घटना है। मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने गृह मंत्री अरागा ज्ञानेंद्र को जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सामूहिक दुष्कर्म की पृष्ठभूमि में इस्तीफे की मांग सही नहीं है, उन्होंने कहा कि विपक्ष द्वारा इस्तीफे की मांग करना आम बात है।

उन्होंने कहा, हमारी सरकार आरोपी व्यक्तियों पर कार्रवाई शुरू करेगी। उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पीड़िता को पूरी मदद दी जाएगी।


इससे पहले कर्नाटक के गृह मंत्री अरागा ज्ञानेंद्र ने इस मुद्दे का राजनीतिकरण करने के लिए कांग्रेस पर हमला बोला था। उन्होंने कहा, दुष्कर्म की घटना एक दूरदराज के इलाके में हुई है। लेकिन, कांग्रेस यहां मेरा दुष्कर्म करना चाह रही है।

उन्होंने पीड़िता पर देर शाम खुलेआम घूमने जाने पर भी सवाल उठा दिए थे। भाजपा नेता ने कहा, उसे वहां नहीं जाना चाहिए था। वह सुनसान जगह है। वह देर शाम वहां गई थी। पीड़ित महिला को देर शाम 7.30 बजे सुनसान जगह पर नहीं जाना चाहिए था। लेकिन, लोग किसी भी समय कहीं भी जाने के लिए स्वतंत्र हैं।

सत्तारुढ़ सरकार के दोनों मंत्रियों के बयानों पर विपक्ष के साथ-साथ लोगों की भी तीखी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia