पंजाब में बढ़ा कोरोना का कहर, एक दिन में मिले 187 नए मामले, अधिकांश नांदेड़ साहिब से लौटे श्रद्धालु

पंजाब में शनिवार को 187 नए कोरोना पॉजिटिव केस सामने से हड़कंप मच गया है। इनमें से अधिकांश महाराष्ट्र के नांदेड साहिब से लौटे श्रद्धालु हैं। अब तक नांदेड़ साहिब से लौटे 314 सिख श्रद्धालु कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। आशंका है कि अभी और श्रद्धालु पॉजिटिव मिलेंगे।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

अमरीक

लॉकडाउन और कर्फ्यू के बीच पंजाब में कोरोना वायरस का कहर बदस्तूर जारी है। शनिवार को इन पंक्तियों के लिखने तक राज्य में 187 नए कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए हैं। इनमें से 53 अमृतसर और 15 जालंधर के हैं। शेष मोहाली, फिरोजपुर और होशियारपुर में मिले हैं। इनमें से अधिकांश महाराष्ट्र के नांदेड साहिब से लौटे श्रद्धालु हैं। अब तक नांदेड़ साहिब से पंजाब लौटे 314 सिख श्रद्धालु कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। लौटने वाले श्रद्धालुओं में से आधे से अधिक की जांच रिपोर्ट अभी लंबित है। आशंका है कि इनमें बड़े पैमाने पर पॉजिटिव मामले मिलेंगे।

अब राज्य के वे जिले भी कोरोना वायरस की जद में आ रहे हैं, जो अब तक इससे बचे हुए थे‌। मसलन, जिला फिरोजपुर में एक ही दिन में 24 पॉजिटिव केस मिलने की खबर है। तमाम जगह संक्रमण तेजी के साथ फैल रहा है। एनआरआई बेल्ट जालंधर में संक्रमण से पीड़ितों की संख्या शनिवार को 120 से पार हो गई। यहां सुबह पॉजिटिव पाए गए एक मरीज के संपर्क में रहने वाले 14 अन्य लोगों में भी संक्रमण मिला। 23 वर्षीय उक्त युवक जिले के फूलपुर का रहने वाला है। उस पूरे इलाके को सील कर दिया गया है।

वहीं स्थानीय गीता मंदिर के बाहर बैठने वाली भिखारीन की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने से हड़कंप मच गया है। प्रशासन के हाथ-पैर भूल गए हैं कि अब भिखारियों में भी संक्रमण फैल गया है। लोगों के कहने पर 60 वर्षीया महिला भिखारी का सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। अब पुलिस और स्वास्थ्य विभाग पूरे जालंधर के भिखारियों की जांच करवा रहा है। ऐसे तमाम लोगों को सिविल अस्पताल पहुंचाया जा रहा है।

इस बीच महाराष्ट्र के नांदेड स्थित हुजूर साहिब गुरुद्वारे से लौटे संक्रमित श्रद्धालुओं को लेकर राज्य में राजनीति भी जोरों पर है। कांग्रेस ने शिरोमणि अकाली दल, केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल और सांसद सुखबीर सिंह बादल पर आरोप लगाया है कि उसने हुजूर साहिब गए श्रद्धालुओं की वापसी के लिए पंजाब सरकार पर दबाव बनाया।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia