राजधानी दिल्ली में फिर डराने लगा कोरोना, 24 घंटे में 1796 नए केस आए, पॉजिटिविटी रेट बढ़कर 2.44% हुआ

महाराष्ट्र में तो कोरोना के मामले चिंताजनक होते जा रहे हैं। शुक्रवार को राज्य में 8,067 मामले सामने आए। अकेले मुंबई में ही आज 5631 मामले दर्ज किए गए हैं। ऐसे में महाराष्ट्र के साथ मुंबई की स्थिति हर दिन के साथ बिगड़ती जा रही है।

फोटोः विपिन
फोटोः विपिन
user

नवजीवन डेस्क

राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस एक बार फिर डराने लगा है। पिछले 24 घंटे में दिल्ली में कोरोना के 1796 नए केस सामने आए हैं। गुरुवार की तुलना में शुक्रवार को 483 केस ज्यादा मिले हैं। गुरुवार को दिल्ली में 1313 केस मिले थे, जो मई 2021 के बाद एक दिन में सबसे ज्यादा केस थे।

इसी के साथ राजधानी में कोविड पॉजिटिविटी रेट बढ़कर 2.44% हो गया है। दिल्ली में अब कोरोना के एक्टिव केस बढ़कर 4410 हो गए हैं। हालांकि, शुक्रवार को 467 मरीज ठीक भी हुए। अब तक कुल 14,18,694 मरीज ठीक हो चुके हैं। लेकिन इस बीच नए केस की रफ्तार तेजी से बढ़ती जा रही है।


वहीं, महाराष्ट्र में भी कोरोना के मामले डरावने होते जा रहे हैं। शुक्रवार को राज्य में 8,067 मामले सामने आए। जबकि शुक्रवार को यहां कोरोना से 8 लोगों की मौत हुई। अकेले मुंबई में ही आज 5631 मामले दर्ज किए गए हैं। ऐसे में महाराष्ट्र के साथ मुंबई की स्थिति हर दिन के साथ बिगड़ती जा रही है। ऐसी आशंका जाहिर की जा रही है कि महाराष्ट्र में ओमिक्रॉन वैरिएंट का कम्युनिटी स्प्रेड हो गया है।

वहीं पूरे देश में 31 दिसंबर की सुबह तक ओमिक्रॉन के 1270 केस सामने आ चुके हैं। हालांकि 374 लोग ठीक हो चुके हैं। ओमिक्रॉन के सबसे ज्यादा 450 केस भी महाराष्ट्र में मिले हैं। वहीं दिल्ली दूसरे नंबर पर है। दिल्ली में ओमिक्रॉन के 320, केरल में 109 और गुजरात में 97 केस मिल चुके हैं। अन्य राज्यों में ओमिक्रॉन के मामले चिंता बढ़ा रहे हैं।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia