कोरोना वायरस: सोमवार तक जारी रहेगा ‘जनता कर्फ्यू’! महाराष्ट्र और यूपी के सीएम ने लोगों से की अपील

भारत में कोरोना वायरस अपना कहर तेजी से बरपा रहा है। बिहार, महाराष्ट्र के बाद अब गुजरात में एक शख्स ने अपना दम तोड़ दिया है। वहीं यूपी और महाराष्ट्र के सीएम ने ‘जनता कर्फ्यू’ को कल तक के लिए बढ़ा दिया है।

फोटो: सोशल मीडिया
i

कोविड-19 संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ने की वजह से राज्य सरकारें इसे लेकर सख्ती बढ़ाती जा रही हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज सुबह 7 बजे से शुरू हुए 'जनता कर्फ्यू' को सोमवार सुबह 6 बजे तक के लिए बढ़ा दिया है।

इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखनाथ मंदिर से प्रदेश के नागरिकों को संबोधित करते हुए जनता कर्फ्यू को सफल बनाने का आह्वान किया था। इस दौरान उन्होंने कहा था कि कोरोना वायरस से संक्रमित व्यक्तियों की संख्या न बढ़े इसलिए हमें जनता कर्फ्यू जैसे कार्यक्रमों के लिए तैयार रहना पड़ेगा। उन्होंने कहा था कि मैं जनता से अपील करूंगा कि वह कोरोना वायरस से घबराए नहीं, बल्कि इसके खिलाफ लड़ें। सरकार पूरी तरह से उनके समर्थन में है।


वहीं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा, “मैं हर किसी से अनुरोध करना चाहूंगा कि कल सुबह तक जनता कर्फ्यू जारी रखें। कोरोना मामलों की संख्या में काफी वृद्धि हुई है। मेरे पास महाराष्ट्र में धारा 144 लागू करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है। मुंबई में भारत के बाहर किसी भी फ्लाइट को नहीं उतरने दिया जाएगा।”

गौरतलब है कि भारत में कोरोना वायरस अपना कहर तेजी से बरपा रहा है। बिहार, महाराष्ट्र के बाद अब गुजरात में एक शख्स ने अपना दम तोड़ दिया है। गुजरात के सूरत में 67 साल के बुजुर्ग की जान चली गई। मरीज पिछले चार दिनों से अस्पताल में भर्ती था। इसके साथ ही देश में मरने वालों की तादाद 7 हो गई है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए