कोरोना संक्रमित लोगों का आंकड़ा 12 लाख के पास, न्यूयॉर्क की हालत खराब, स्पेन-ब्रिटेन में बढ़ा मौतों का आंकड़ा

कोरोना वायरस का दुनिया भर में कहर जारी है। इस महामारी से अब तक 64 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है साथ ही इससे संक्रमित लोगों कीसंख्या करीब 12 लाख पहुंच गई गए। स्पेन में बीते 24 घंटे में 809 तो वहीं ब्रिटेन में शुक्रवार और शनिवार को 708 लोगों की मौत हुई है।

न्यूयॉर्क में खाली पड़ी सड़क
न्यूयॉर्क में खाली पड़ी सड़क
user

नवजीवन डेस्क

कोविड-19 का कहर जारी है। इस जानलेवा वायरस से दुनिया भर में संक्रमित लोंगों का आंकड़ा 11 लाख 92 हजार 715 पहुंच गया है। इस दौरान 2,46,102 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं। अमेरिका में इस वायरस से मरने वालों की संख्या 8 हजार के पार पहुंच गई है। वहीं स्पेन और ब्रिटेन में यह वायरस तेजी से पैर पसार रहा है जहां बीते 24 घंटों में इससे क्रमश: 809 और 708 लोगों की मौत हुई है।

अमेरिका में 8 हजार से ज्यादा मौतें, न्यूयॉर्क में एक दिन में 562 लोगों की जान गई

अमेरिका में शनिवार रात 12 बजे तक मौतों का आंकड़ा 8 हजार 157 हो गया। कुल संक्रमितों का आंकड़ा तीन लाख से भी ज्यादा हो गया है। शनिवार को 12 हजार 653 नए मामले सामने आए। इसी दौरान 647 संक्रमितों की मौत भी हुई। न्यूयॉर्क इस बीमारी से सर्वाधिक प्रभावित है और वहां गुरुवार और शुक्रवार को 24 घंटे के दौरान 562 लोगों की मौत हुई है। यह एक दिन में मरने वालों का अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इस बीच न्यूयॉर्क के गवर्नर एंड्रयू ने एक आदेश जारी कर कहा है कि राज्य के जिन अस्पताल में वेंटिलेटर्स की जरूरत कम है, वहां से इसे हटाकर इसकी कमी से जूझ रहे अस्पतालों में पहुंचाया जाएगा।

ट्रम्प की लापरवाही से बढ़े मामले

न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, जनवरी की शुरुआत से मार्च के आखिर तक करीब 4 लाख 30 हजार यात्री चीन से अमेरिका आए। इस दौरान कुछ यात्रियों में निमोनिया जैसे लक्षण सामने आने लगे थे। फिर भी ट्रम्प ने कोई कदम नहीं उठाया। इस दौरान चीन से अमेरिका के बीच विमानों और यात्रियों का आना जाना लगा रहा।

ब्रिटेन में हर रोज बढ़ रहा है कोविड-19 से संक्रमितों का आंकड़ा

ब्रिटेन में भी इस वायरस का प्रसार निरंतर जारी है। शुक्रवार से शनिवार के बीच 708 लोगों ने दम तोड़ दिया। यह ब्रिटेन में एक दिन में होने वाली सबसे ज्यादा मौते हैं। अब तक 4,313 लोगों की मौत हो चुकी है। संक्रमितों का आंकड़ा करीब 42 हजार हो चुका है।

लंदन के मेयर सादिक खान ने शनिवार को लंदन के लोगों को चेतावनी देते हुए कहा है कि लोगों को घर में रहने के आदेश का पालन करना होगा। नियमों का पालन न होने पर सुविधाएं खत्म भी की जा सकती हैं।

स्पेन में लॉकडाउन 26 अप्रैल तक बढ़ाया गया, लॉकडाउन का नाम अब स्टेट अलार्म

प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज़ ने शनिवार रात ऐलान किया कि 14 मार्च से लगाया गया लॉकडाउन 26 अप्रैल तक जारी रहेगा। जरूरत हुई तो इसे और भी बढ़ाया जा सकता है। इस ऐलान से पहले सांचेज़ ने विपक्षी दल के नेता पाब्लो ब्लैंको से फोन पर बातचीत की। लॉकडाउन को स्पेन सरकार ने ‘स्टेट अलार्म’ नाम दिया है। इस दौरान स्पेन में 24 घंटे में संक्रमण के 7 हजार नए मामले सामने आए, 809 मौतें हुईं।


फ्रांस में 600 सैनिक कोरोना पॉजिटिव पाए

कोरोना वायरस की चपेट में आए फ्रांस में शनिवार को एक नई मुसीबत सामने आई। रक्षा मंत्री फ्लोरेंस पार्ली के मुताबिक, 600 सैनिक कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। फ्लोरेंस ने सीएनएन से कहा, “हमारे लिए यह खबर ज्यादा बड़े खतरे का संकेत है। हमारे 600 सैनिक संक्रमित पाए गए हैं। हम इस घटनाक्रम पर पैनी नजर रख रहे हैं।” शुक्रवार को ही खबर आई थी की सेनेगल-सूडान बॉर्डर पर तैनात 4 सैनिक संक्रमित हैं। इन्हें इलाज के लिए पेरिस लाया गया है।

ब्राजील में 359 लोगों की मौत

वहीं दक्षिण अमेरिकी देश ब्राजील में पिछले 24 घंटों के दौरान 1,146 नए मामले दर्ज किए गए हैं। इसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 9,056 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में अब तक 359 की मौत हो गई है। बीते 24 घंटों में 60 मरीजों की मौत हो गई है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


/* */