IPL से लौट रहे क्रुणाल पंड्या को मुंबई एयरपोर्ट पर रोका गया, तय मात्रा से ज्यादा सोना होने का शक

आईपीएल-13 में हिस्सा लेकर दुबई से लौट रहे मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी क्रुणाल पंड्या को राजस्व खुफिया निदेशालय के अधिकारियों ने मुंबई एयरपोर्ट पर रोक लिया है। बताया जा रहा है कि तय मात्रा से ज्यादा सोना होने के शक में क्रुणाल पंड्या को रोककर पूछताछ हो रही है।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

आसिफ एस खान

आईपीएल-13 की विजेता मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी क्रुणाल पंड्या को स्वदेश लौटने के दौरान मुंबई एयरपोर्ट पर रोके जाने की खबर है। खबरों के अनुसार पंड्या के पास तय सीमा से अधिक सोना और अन्य कीमती सामान होने के संदेह में उन्हें रोका गया है। जानकारी के अनुसार हवाई अड्डे पर ही राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) के अधिकारी उनसे पूछताछ कर रहे हैं।

मीडिया की खबरों के अनुसार क्रुणाल पंड्या के पास घोषित मात्रा से ज्यादा सोना और अन्य कीमती सामान मिला है। सूत्रों के अनुसार अधिकारी उनके पास मिले ज्यादा सोने के कागजात मांग रहे हैं। खबरों के अनुसार क्रुणाल पंड्या के पास तय मात्रा से बहुत ज्यादा सोना और कीमती बरामद हुआ है, जिसमें सोने के 2 कंगन, कई महंगी घड़ियां और कई अन्य कीमती सामान मिले हैं। बताया जा रहा है कि पंड्या ने इसका डिक्लेरेशन नहीं दिया था।

बता दें कि यूएई में खेले गए आईपीएल-13 का फाइनल 10 नवंबर को खेला गया था, जिसमें मुंबई इंडियंस ने इसस बार आईपीएल खिताब जीता था। जीत के बाद टीम के खिलाड़ी आज ही दुबई से स्वदेश लौटे हैं। क्रुणाल पंड्या भी इसी मुंबई की टीम का हिस्सा हैं। वह हार्दिक पंड्या के भाई हैं और साल 2016 में मुंबई इंडियंस से जुड़े हैं। तब से अब तक वह 55 आईपीएल मैच खेल चुके हैं। वे भारतीय टीम के लिए भी खेल चुके हैं।

गौरतलब है कि एक साल से अधिक समय तक विदेश में रहने वाला भारत का कोई भी व्यक्ति देश में 50 हजार रुपए तक का सोना ड्यूटी फ्री लेकर आ सकता है। जबकि महिलाओं के लिए यह छूट एक लाख रुपए तक की है। इसमें ये भी बता दें कि ड्यूटी फ्री की शर्तें सिर्फ सोने के आभूषणों पर लागू हैं और सोने के सिक्कों और बिस्किट्स या गिन्नी पर ड्यूटी देना पड़ता है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 12 Nov 2020, 10:30 PM