दलित छात्रा निशु मामला: आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज गिरफ्तार, नेपाल भागने की कोशिश नाकाम, ऐसे फंसा 'इंफ्लूएंसर'
स्वतंत्र भारद्वाज को शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से गिरफ्तार कर लिया गया है। स्वतंत्र भारद्वाज नैथला गांव से मोटरसाइकिल पर खुर्जा की ओर निकला था और अपनी पहचान छुपाने के लिए उसने हेलमेट पहन रखा था।

दिल्ली पुलिस ने हिंदुत्व ‘इंफ्लूएंसर’ स्वतंत्र भारद्वाज को शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से गिरफ्तार कर लिया है। इसके कुछ ही घंटों पहले दिल्ली पुलिस ने विपक्षी पार्टियों के नेताओं को आश्वासन दिया था कि दलित निशु के पिता पर हमला करने के आरोप में भारद्वाज को 72 घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया जाएगा। खुद को 'कट्टर हिंदू' बताने वाले भारद्वाज का पता लगाने के लिए कई टीम तैनात की गई थी।
पहचान छुपाने के लिए उसने हेलमेट पहन रखा था
इससे पहले स्वतंत्र भारद्वाज नैथला गांव से मोटरसाइकिल पर खुर्जा की ओर निकला था और अपनी पहचान छुपाने के लिए उसने हेलमेट पहन रखा था। उसका पता लगाने के लिए सादे कपड़ों में पुलिस की कई टीम तैनात की गईं। उसकी तलाश के दौरान पुलिस ने स्थानीय पत्रकारों से भी पूछताछ की।
खुद को 'कट्टर हिंदू' बताने वाले भारद्वाज को वायरल वीडियो में यह स्वीकार करते हुए देखा गया कि उसने प्रदर्शन के दौरान निशु आज़ाद के पिता संजय कुमार की 'खोपड़ी फोड़ दी' और अपराध की गंभीरता के बावजूद वह जेल जाने से बच गया।
कॉकरोच जनता पार्टी ने भारद्वाज के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी में संसद मार्ग थाने पर एकत्रित होकर विरोध प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने आश्वासन दिया कि उसे 72 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
