राजस्थान के झुंझुनूं में 3 महीने पहले बना बांध टूटा, कई गांवों में भरा पानी, अफरा-तफरी

राजस्थान के झुंझुनूं में करीब 600 करोड़ की लागत से भरा बांध टूटने से अफरा-तफरी मच गई है। बांध का पानी कई गांवों में भर गया है। एनडीआरएफ की टीमें मौके पर हैं।

फोटो : सोशल मीडिया
i

राजस्थान के झुंझुनूं जिले में मलसीसर के पास करीब 588 करोड़ की लागत से बना बांध टूट गया है, जिसके चलते आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मची हुई है। बांध का पानी थाने, तहसील कार्यालय और उप कोषागार में भर गया है। प्रशासन ने अलर्ट घोषित किया है।

जानकारी के मुताबिक झुंझुनूं जिले की कुम्भाराम आर्य लिफ्ट परियोजना के लिए बनने वाला मलसीसर बांध अचानक टूट जाने से हड़कंप मच गया। इससे लाखों लीटर पानी बर्बाद हो गया और बांध का पानी मलसीसर कस्बे में फैलने से उसके भी डूबने की आशंका बन गई है। झुंझुनूं के जिला कलेक्टर दिनेश कुमार ने बताया कि बांध के अचानक टूटने के कारण पानी व्यर्थ बह गया है, लेकिन इस हादसे में अभी तक किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। उन्होंने बताया कि बांध के टूटने के कारणों का तत्काल कोई पता नहीं चला है।

इस बांध से झुंझुनूं और सीकर को इस परियोजना से मीठे पानी की आपूर्ति होनी थी। इसके लिए स्टोरेज डैम, पंप हाउस और क्लोरिन हाउस बने हुए हैं। लेकिन बांध के ऊपर का हिस्सा अचानक टूटने से उसका पानी बाहर आ गया।

इससे ककडेऊ गांव में अफरा-तफरी मच गई। इस बांध का निर्माण हैदराबाद की निर्माता कंपनी नागार्जुन कंस्ट्रक्शन ने किया है। 2013 में शुरू हुई इस परियोजना का काम 2016 में पूरा होना था, लेकिन बांध का काम 3 महीने पहले जनवरी 2018 में ही पूरा हुआ था। इस बांध से 1473 गांवों में पानी सप्लाई होना था।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए


Published: 01 Apr 2018, 9:34 AM