दिल्ली के पार्कों में सिर्फ सैर ही नहीं, अब हो सकेंगे ये आयोजन! स्कूलों को 1 रुपये में मिलेगी जगह

दिल्ली के 17 DDA पार्कों में अब योग, कवि सम्मेलन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे। स्कूलों को पिकनिक और शैक्षणिक गतिविधियों के लिए सिर्फ 1 रुपये में जगह मिलेगी।

दिल्ली के 17 DDA पार्कों में अब किए जा सकेंगे खास आयोजन।
i
  • दिल्ली के 17 चिह्नित डीडीए पार्कों में अब योग, ध्यान, कवि सम्मेलन, पुस्तक चर्चा, कला प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे।

  • डीडीए ने पार्कों की बुकिंग के लिए ऑनलाइन पोर्टल शुरू किया है। इसके जरिए जगह, क्षमता, शुल्क और अनुमति की जानकारी मिलेगी।

  • स्कूलों को पिकनिक और शैक्षणिक गतिविधियों के लिए पार्कों में जगह सिर्फ एक रुपये में उपलब्ध होगी। अन्य आयोजनों पर 50 प्रतिशत छूट मिलेगी।

  • पार्कों में आयोजन के लिए तीन श्रेणियां बनाई गई हैं। आयोजकों को सफाई, सुरक्षा और हरियाली की जिम्मेदारी भी उठानी होगी।

दिल्ली के पार्कों में अब सिर्फ सुबह-शाम टहलने या परिवार के साथ समय बिताने तक ही गतिविधियां सीमित नहीं रहेंगी। यहां लोग योग, ध्यान, कवि सम्मेलन, साहित्यिक गोष्ठी, पुस्तक चर्चा और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित कर सकेंगे। दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने इसके लिए नई बुकिंग नीति लागू की है। इसके तहत दिल्ली के 17 चिह्नित पार्कों और वहां मौजूद विशेष आयोजन स्थलों को ऑनलाइन बुक कराया जा सकेगा। इस व्यवस्था में सबसे खास बात यह है कि स्कूलों को पिकनिक, चित्रकला और दूसरी शैक्षणिक गतिविधियों के लिए पार्कों में जगह महज एक रुपये में मिलेगी।

इस पहल के तहत डीडीए ने अपनी वेबसाइट से जुड़ा एक ऑनलाइन पोर्टल तैयार किया है। इसके जरिए आम लोग, स्कूल और सामाजिक संस्थाएं अपनी जरूरत के मुताबिक पार्क या आयोजन स्थल चुन सकेंगे। आवेदन से लेकर शुल्क भुगतान और अनुमति लेने तक की प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। यानी अब पार्क में कार्यक्रम आयोजित करने के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

DDA पार्कों में कौन-कौन से कार्यक्रम कर सकेंगे आयोजित?

नई नीति के तहत डीडीए पार्कों में केवल मनोरंजन ही नहीं, बल्कि शैक्षणिक, साहित्यिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के आयोजन का भी रास्ता खुलेगा। लोग यहां योग, ध्यान, कवि सम्मेलन, साहित्यिक गोष्ठी, पुस्तक चर्चा, कला प्रदर्शनी और कार्यशालाएं आयोजित कर सकेंगे। इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए भी पार्कों में जगह बुक कराई जा सकेगी।

डीडीए ने पार्कों में उपलब्ध खुले स्थानों को लोगों की संख्या के आधार पर तीन श्रेणियों में बांटा है। श्रेणी ए-1 में 200 लोगों तक के छोटे कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे। ए-2 श्रेणी में 200 से अधिक और 500 तक लोगों के आयोजन होंगे, जबकि ए-3 श्रेणी में 500 से अधिक लोगों के बड़े कार्यक्रम शामिल होंगे।

इसके अलावा विशेष सुविधाओं वाले आयोजन स्थलों को श्रेणी-बी में रखा गया है। इनमें खुले रंगमंच और अन्य निर्धारित स्थल शामिल हैं। इनकी बुकिंग आधे दिन या पूरे दिन के लिए कराई जा सकेगी। टिकट वाले और बिना टिकट के कार्यक्रमों के लिए अलग-अलग नियम और शुल्क निर्धारित किए गए हैं। फिल्मों और विज्ञापनों की शूटिंग के लिए भी अलग शुल्क व्यवस्था रखी गई है।


स्कूलों को सिर्फ 1 रुपये में मिलेगी जगह, इन संस्थानों को 50% छूट

डीडीए की नई नीति में स्कूली बच्चों के लिए खास सुविधा रखी गई है। स्कूल पिकनिक, चित्रकला, फोटोग्राफी, वाद-विवाद और दूसरी रचनात्मक गतिविधियों के लिए स्कूलों को सिर्फ एक रुपये में पार्कों की जगह बुक करने की सुविधा मिलेगी। वहीं, अगर स्कूल अन्य उद्देश्यों से पार्क बुक कराते हैं तो उन्हें निर्धारित शुल्क में 50 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।

इसके अलावा मान्यता प्राप्त उच्च शिक्षण संस्थानों, सरकारी विभागों, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों और स्वायत्त संस्थाओं को भी बुकिंग शुल्क में 50 प्रतिशत की रियायत मिलेगी। इस व्यवस्था का उद्देश्य शैक्षणिक संस्थानों और सामाजिक संगठनों को पार्कों में गतिविधियां आयोजित करने के लिए प्रोत्साहित करना है।

दिल्ली के किन 17 पार्कों में मिलेगी बुकिंग की सुविधा?

डीडीए ने दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में स्थित 17 पार्कों को इस नीति के तहत चिह्नित किया है। इनमें रोहिणी का स्वर्ण जयंती पार्क और चित्रगुप्त पार्क, हरिनगर का जी-8 लेक पार्क, पश्चिम विहार जिला पार्क, पीतमपुरा के संदेश विहार और लेक पार्क शामिल हैं।

इसके अलावा द्वारका के जिला पार्क, इंद्रप्रस्थ पार्क (मिलेनियम पार्क), संजय झील, असिता-यमुना रिवर फ्रंट, कोरोनेशन पार्क, आस्था कुंज, हौज खास पार्क, बांसरा और महरौली पुरातत्व पार्क भी इस सूची में शामिल हैं।

इनके अलावा इंद्रप्रस्थ पार्क, आस्था कुंज, उत्सव मैदान, वसंत उद्यान, तुगलकाबाद मनोरंजन पार्क, संजय झील और कोरोनेशन पार्क के निर्धारित खुले रंगमंच भी बुकिंग के लिए उपलब्ध कराने का प्रस्ताव है।


कार्यक्रम से पहले 5 दिन पहले करना होगा आवेदन

डीडीए की नई नीति के तहत किसी भी कार्यक्रम के लिए इच्छुक व्यक्ति या संस्था को कम से कम पांच कार्यदिवस पहले आवेदन करना होगा। बुकिंग शुल्क के साथ वापसी योग्य सुरक्षा राशि जमा करने का भी प्रावधान है। ऑनलाइन पोर्टल पर पार्कों की उपलब्धता, क्षमता और शुल्क की जानकारी मिलेगी। आवेदन, भुगतान और अनुमति की प्रक्रिया भी इसी माध्यम से पूरी की जाएगी।

हालांकि, पार्कों में कार्यक्रम आयोजित करने के दौरान हरियाली और प्राकृतिक स्वरूप को नुकसान पहुंचाने की अनुमति नहीं होगी। आयोजकों को भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा, कचरे को अलग-अलग रखने और सफाई की जिम्मेदारी उठानी होगी। कार्यक्रम खत्म होने के बाद आयोजन स्थल को पहले जैसी स्थिति में बहाल करना अनिवार्य होगा। इसके लिए कार्यक्रम से पहले और बाद की जीपीएस से जुड़ी तस्वीरें भी जमा करनी होंगी।

असिता और महरौली पुरातत्व पार्क जैसे संवेदनशील इलाकों में संरक्षण से जुड़े विशेष नियम लागू होंगे। वहीं, रिज और संरक्षित वन क्षेत्रों में किसी भी गतिविधि की अनुमति संबंधित पर्यावरणीय दिशा-निर्देशों के अनुसार ही दी जाएगी। यानी डीडीए की नई व्यवस्था के तहत पार्कों में सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ उनके पर्यावरणीय महत्व को सुरक्षित रखने पर भी जोर दिया गया है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए