दिल्ली: मालवीय नगर अग्निकांड में मृतकों की संख्या बढ़कर 21 हुई, मरने वालों में ज्यादातर नागरिक विदेशी
पुलिस ने कहा कि राहत एवं बचाव अभियान अभी भी जारी है और सभी संबंधित एजेंसियां घटनास्थल पर मौजूद हैं, ताकि प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में स्थित एक रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग से बड़ा हादसा हुआ। इस दर्दनाक घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर 21 हो गई है। पुलिस ने बताया कि आग में जान गंवाने वालों में अधिकांश विदेशी नागरिक शामिल हैं।
दिल्ली पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, बुधवार सुबह 8:48 बजे मालवीय नगर स्थित फ्लोरिश स्टे बी एंड बी में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की आठ गाड़ियों को मौके पर लगाया गया।
पुलिस, दमकल विभाग और अन्य आपातकालीन एजेंसियों के संयुक्त प्रयासों से 40 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि हादसे में अब तक 21 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। अधिकारियों के अनुसार, मृतकों में अधिकांश विदेशी नागरिक हैं। हालांकि, उनकी पहचान और राष्ट्रीयता की आधिकारिक पुष्टि की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस ने कहा कि राहत एवं बचाव अभियान अभी भी जारी है और सभी संबंधित एजेंसियां घटनास्थल पर मौजूद हैं, ताकि प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा सके। आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
इस घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, पीएम मोदी ने मृतक के परिजनों को 2-2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। साथ ही, घायलों को 50 हजार रुपए दिए जाएंगे।
प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने बयान में कहा, "दिल्ली के मालवीय नगर में आग लगने की घटना में लोगों की जान जाना बेहद दुखद है। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रशासन प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष की ओर से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे।"
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
