मणिपुर में जहरीली शराब से मरने वालों की संख्या बढ़कर 16 हुई, राहुल गांधी ने बीजेपी सरकार को बताया जिम्मेदार

शनिवार को इस हादसे से तीन और लोगों की मौत हो गई, जिससे मणिपुर के चंदेल जिले में जहरीली शराब त्रासदी में मरने वालों की संख्या शनिवार को 16 हो गई। वहीं, 18 नवंबर से अब तक लगभग 600 लोग बीमार पड़ गए हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मणिपुर में जहरीली शराब से मरने वालों की संख्या बढ़कर 16 हुई, राहुल गांधी ने बीजेपी सरकार को बताया जिम्मेदार
i

मणिपुर में तीन मौतों से जहरीली शराब से मरने वालों की संख्या बढ़कर 16 हुई

राहुल गांधी ने कहा- यह हादसा नहीं, बीजेपी सरकार की लापरवाही का नतीजा है

राहुल गांधी कहा- पहले हिंसा ने सैकड़ों घर उजाड़े, अब जहरीली शराब उजाड़ रही है

मणिपुर में जहरीली शराब पीने से तीन और लोगों की मौत होने के बाद मरने वालों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है और करीब 600 लोग अस्पताल में भर्ती हैं। राहुल गांधी ने इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि यह हादसा नहीं, बीजेपी सरकार की लापरवाही का नतीजा है। उन्होंने कहा कि पहले हिंसा ने सैकड़ों घर उजाड़े, अब जहरीली शराब उजाड़ रही है।

जहरीली शराब से मरने वालों की संख्या 16 हुई

शनिवार को इस हादसे से तीन और लोगों की मौत हो गई, जिससे मणिपुर के चंदेल जिले में जहरीली शराब त्रासदी में मरने वालों की संख्या शनिवार को 16 हो गई। वहीं, 18 नवंबर से अब तक लगभग 600 लोग बीमार पड़ गए हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। प्रभावित लोगों को इंफाल के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

बीजेपी सरकार की लापरवाही का नतीजा

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मणिपुर में जहरीली शराब पीने से कई लोगों की मौत होने की घटना को बीजेपी सरकार की लापरवाही का नतीजा करार देते हुए शनिवार को कहा कि सरकार पूर्वोत्तर के इस प्रदेश की स्थिति को लेकर अब भी सो रही है। उन्होंने कहा कि मणिपुर में जहरीली शराब से कई लोगों की मृत्यु का समाचार बेहद दुखद है। उन्होंने शोकसंतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और मरीजों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

उन्होंने कहा, ''यह हादसा नहीं, बीजेपी सरकार की लापरवाही का नतीजा है। पहले हिंसा ने सैकड़ों घर उजाड़े, अब जहरीली शराब उजाड़ रही है, सरकार अब भी सो रही है।'' कांग्रेस नेता ने दोषियों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों को बिना देरी पूरी सहायता और उचित मुआवजा दिया जाना चाहिए।


करीब 600 लोग विभिन्न अस्पतालों में भर्ती

मणिपुर के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) थेमथिंग नगाहसांगवा ने शनिवार को बताया कि 18 नवंबर से अब तक मणिपुर के चंदेल जिले में कथित तौर पर जहरीली शराब पीने के बाद करीब 600 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा, ''चंदेल जिले में इस घटना में मरने वालों की कुल संख्या 16 हो गई है। इसके अलावा करीब 600 लोग विभिन्न सरकारी और निजी अस्पतालों में उपचाराधीन हैं।'' नगाहसांगवा ने बताया कि प्रभावित लोग चंदेल जिले के चकपीकरोंग उपमंडल और आसपास के इलाकों के रहने वाले हैं।

आईजीपी ने कहा, ''हमने जहरीली शराब की आपूर्ति में संलिप्तता के आरोप में छह लोगों को गिरफ्तार किया है। हम शराब के स्रोत का पता लगाने की भी कोशिश कर रहे हैं।'' उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन, पुलिस, आबकारी और स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न टीमों ने चंदेल जिले के सुगनू और चकपीकरोंग का दौरा किया। उन्होंने उन अस्पतालों का भी दौरा किया, जहां प्रभावित लोगों का इलाज जारी है, ताकि स्थिति का आकलन करने के साथ ही राहत एवं बचाव कार्यों में समन्वय किया जा सके।

मणिपुर सरकार ने उच्चस्तरीय जांच समिति गठित की

मणिपुर सरकार ने घटना की जांच के लिए एक उच्चस्तरीय जांच समिति भी गठित की है। इस समिति में प्रधान सचिव (परिवहन/एआर), विशेष सचिव (गृह), उप महानिरीक्षक (खुफिया) और स्वास्थ्य सेवा निदेशक शामिल हैं। यह समिति घटनाओं के क्रम की जांच करेगी, संदिग्ध शराब के स्रोत, उत्पत्ति और उसमें मौजूद तत्वों का पता लगाएगी, क्लिनिकल, पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्टों का अध्ययन करेगी, और साथ ही जिला प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग तथा आबकारी अधिकारियों की तैयारियों और उनकी कार्रवाई की समीक्षा करेगी। समिति प्रशासनिक, नियामक या प्रवर्तन स्तर पर हुई संभावित चूक की पहचान करेगी और जवाबदेही तय करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए उपाय सुझाएगी।


समिति एक महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी

बयान में कहा गया है, ''समिति एक महीने के भीतर सरकार को अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।'' इसमें कहा गया है कि मणिपुर पुलिस और आबकारी विभाग की टीमों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। उन्हें अवैध शराब के खिलाफ जांच अभियान चलाने, उसे जब्त करने और बिक्री केंद्रों तथा उत्पादन इकाइयों से नमूने लेकर प्रयोगशाला में जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं।

राज्य के मुख्यमंत्री खेमचंद सिंह ने शुक्रवार दोपहर शिजा अस्पताल और बबीना अस्पताल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और वहां उपचार करा रहे मरीजों से मुलाकात की। सिंह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘चंदेल जिले के चकपीकारोंग इलाके में जहरीली शराब पीने के बाद अस्पताल में भर्ती लोगों का हालचाल जानने के लिए आज (शुक्रवार को) लामफेलपाट स्थित शिजा अस्पताल और साजीवा स्थित बबीना अस्पताल का दौरा किया।’’

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए