छिप कर भी युवाओं को भड़का रहा था दीप सिद्धू, दिल्ली पुलिस अब आश्रय देने वालों का पता लगाएगी

किसान आंदोलन के दौरान 26 जनवरी को लाल किला हिंसा मामले में नाम आने के बाद से फरार दीप सिद्धू को पुलिस ने हरियाणा के करनाल के पास से गिरफ्तार किया है। उसे अदालत में पेश करने के बाद मामले की जांच कर रही दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा को सौंप दिया जाएगा।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

गणतंत्र दिवस की हिंसा के पीछे के मास्टरमाइंड बताए जा रहे पंजाबी अभिनेता से एक्टिविस्ट बने दीप सिद्धू को गिरफ्तार करने के बाद दिल्ली पुलिस ने दावा किया है कि मामले में गिरफ्तारी से बचने के लिए छिपे होने के दौरान भी वह अपने भड़काऊ भाषणों से युवाओं को भड़का रहा था। स्पेशल सेल के डीसीपी संजीव कुमार यादव ने कहा, "वह गणतंत्र दिवस की हिंसा के पीछे का प्रमुख खिलाड़ी था। अपने भड़काऊ भाषणों और स्टारडम से युवाओं को भड़का रहा था। यहां तक की कानून से बचने के दौरान भी उसने युवाओं को उकसाना नहीं छोड़ा।"

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दीप सिद्धू को हरियाणा के करनाल के पास से गिरफ्तार किया है।
उसे बाद में दिल्ली की अदालत में पेश किया जाएगा और 26 जनवरी को लाल किले में हुई हिंसा के मामले की जांच करने वाली दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा को सौंप दिया जाएगा। 26 जनवरी के लाल किला हिंसा मामले में नाम आने के बाद से वह फरार था। पुलिस ने पंजाब और हरियाणा में कई जगहों पर उसकी तलाश में छापे मारे थे, पर वह फरार होने में कामयाब रहा था।

दीप सिद्धू पर 1 लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। दिल्ली पुलिस ने दीप सिद्धू, जुगराज सिंह, गुरजोत सिंह और गुरजंत सिंह के बारे में जानकारी देने पर 1 लाख रुपये के नकद इनाम की घोषणा की थी। साथ ही जजबीर सिंह, बूटा सिंह, सुखदेव सिंह और इकबाल सिंह की जानकारी बताने वालों को 50,000 रुपये देने की घोषणा की है। गणतंत्र दिवस पर हुई हिंसा में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और कई घायल हुए थे, जिनमें पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।

वहीं पुलिस अब इस बात की जांच करेगी कि उसे 26 जनवरी के बाद कहां से आश्रय मिला और किसने प्रदान किया। जिन लोगों ने सिद्धू को आश्रय प्रदान किया, उन्हें भी कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है। मामले में एक अन्य सह-आरोपी सुखदेव सिंह को पहले ही चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया जा चुका है। 31 जनवरी को सिद्धू ने अपने सत्यापित फेसबुक अकाउंट पर एक वीडियो अपलोड किया था और कहा था कि उसे बदनाम किया जा रहा है।

(आईएएनएस के इनपुट के साथ)

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 09 Feb 2021, 3:55 PM