मुंबई से दिल्ली के रवाना हुए दिपके, कहा- डरे हुए हैं पीएम मोदी, मुझे गिरफ्तार भी कर लें फिर भी जारी रहेगा आंदोलन
सीजेपी नेता अभिजीत दिपके ने कहा है कि उन्हें इससे फर्क नहीं पड़ता कि वे गिरफ्तार होंगे। उन्होंने कहा कि मोदी युवाओं से डर गए हैं और उनके जेल जाने के बाद भी लोकतंत्र के लिए आंदोलन जारी रहेगा। दिपके मुंबई से दिल्ली के लिए रवान हुए हैं।

दिपके ने कहा- देश के युवाओं से डर गए हैं मोदी
मेरी गिरफ्तारी के बाद भी जारी रहेगा आंदोलन
कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने कहा है कि, "मुझे हैरानी होती है कि इस देश के प्रधानमंत्री देश के युवाओं और लोगों से इतना क्यों डरते हैं। सभी रेलवे सर्विस बंद करने की क्या ज़रूरत थी? मेट्रो ऑपरेशन रोकने की क्या ज़रूरत थी? उन्होंने इंटरनेट बंद कर दिया और सड़कें ब्लॉक कर दीं। वे जम्मू-कश्मीर से सेना लाए और उसे दिल्ली में तैनात किया। उन्होंने नक्सल-प्रभावित इलाकों से सीआरपीएफ बुलाई और उन्हें दिल्ली में तैनात किया। क्या नरेंद्र मोदी और अमित शाह अपने ही देश के लोगों के खिलाफ़ जंग छेड़ना चाहते हैं? क्या ज्ञानेश कुमार उनके लिए इतने खास हैं कि वे अपने ही नागरिकों पर पुलिस और सेना की ताकत का इस्तेमाल करेंगे?..."
दिपके ने कहा कि, "पीएम मोदी डरे हुए हैं; उन्हें डर है कि इसके बाद देश के लोग उन्हें वोट नहीं देंगे। इसीलिए, सिर्फ़ सत्ता में बने रहने के लिए, वे लोगों को ट्रेनों से उठा रहे हैं। सोसायटियों में अनाउंसमेंट करके लोगों को विरोध प्रदर्शन में शामिल न होने की चेतावनी दी जा रही है। दिल्ली पुलिस घरों में जाकर लोगों से विरोध प्रदर्शन में हिस्सा न लेने को कह रही है। लेकिन हम क्यों न करें? विरोध करना हमारा मौलिक अधिकार है। आर्टिकल 19 हमें लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करने का मौलिक अधिकार देता है, और हम ठीक यही करने वाले हैं।
दिपके ने कहा कि अगर दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने पर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा तो वे इसके लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि, "वे मुझे गिरफ्तार या हिरासत में ले लें। मुझे इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। यूएपीए लगाएं, एनएसए लगाएं—जो चाहें करें। लेकिन हम आज़ाद और निष्पक्ष चुनाव और इस देश के लोकतंत्र को बचाने के लिए लड़ते रहेंगे।"
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
