देहरादून: मॉर्निंग वॉक कर रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर की हत्या, ओवरटेक से नाराज कार सवारों ने की अंधाधुंध फायरिंग
पुलिस के अनुसार सुबह लगभग 6 बजकर 50 मिनट पर नियंत्रण कक्ष को जोहड़ी गांव क्षेत्र में गोली चलने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में सोमवार सुबह एक मामूली ओवरटेकिंग विवाद ने बेहद दुखद और खतरनाक रूप ले लिया। राजपुर थाना क्षेत्र के जोहड़ी गांव में दो कार सवारों के बीच शुरू हुई कहासुनी अचानक गोलीबारी तक पहुंच गई, जिसमें सुबह की सैर पर निकले एक निर्दोष व्यक्ति ब्रिगेडियर जोशी की जान चली गई।
पुलिस के अनुसार सुबह लगभग 6 बजकर 50 मिनट पर नियंत्रण कक्ष को जोहड़ी गांव क्षेत्र में गोली चलने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मसूरी मार्ग पर मालसी के पास दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर कार और स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार लोगों के बीच ओवरटेकिंग को लेकर विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर स्कॉर्पियो सवार लोगों ने फॉर्च्यूनर का पीछा किया और उसे रोकने के लिए उसके टायरों पर गोली चलानी शुरू कर दी। इसी दौरान वहां से गुजर रहे और सुबह की सैर कर रहे ब्रिगेडियर जोशी को गोली लग गई। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
घटना के दौरान फॉर्च्यूनर कार अनियंत्रित होकर जोहड़ी गांव के राजकीय प्राथमिक विद्यालय के पास सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। इसके बाद स्कॉर्पियो सवार आरोपियों ने कार में बैठे लोगों के साथ मारपीट की और वाहन को भी नुकसान पहुंचाया। इस घटना में फॉर्च्यूनर में सवार दो अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पूरे जिले में नाकेबंदी कर दी है और संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की जा रही है। साथ ही आसपास लगे निगरानी कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच कर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।