दिल्ली: अनाज मंडी के पास फैक्ट्री में आग से कोहराम, 43 की मौत, कई लोगों की हालत नाजुक

दिल्ली के रानी झांसी रोड पर अनाज मंडी के पास फैक्ट्री में लगी आग से 43 लोगों की मौत हो गई है। इस हादसे में कई लोग घायल हुए हैं। कुछ लोगों की हालत गंभीर है। सभी का अस्पताल में इलाज जारी है। 50 से ज्यादा लोगों को बचाया गया है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

दिल्ली के रानी झांसी रोड पर अनाज मंडी में फैक्ट्री में लगी आग में मृतकों की संख्या बढ़ गई है। मृतकों की संख्या अब 43 हो गई है। वहीं, कई लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनकी हालत गंभीर है। ऐसे में मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है। एक दमकल अधिकारी ने बताया कि 50 लोगों को बचाया गया है। दमकल की 30 गाड़ियां मौके पर मौजूद थीं। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है।

बताया जा रहा है कि तीन मंडिला इमारत में फैक्ट्री चल रही थी। खबरों के मुताबिक, इस इमारत में 100 से ज्यादा मजदूर रहते थे। यह मजदूर पैकिंग का काम करते थे। अचानक लगी आग आग के बाद यह मजदूर इमारत में फंस गए। आग सुबह के वक्त लगी है। जिस समय इमारत में आग लगी है, उस वक्त मजदूर सो रहे थे। बताया जा रहा है कि कुछ मजदूरों की दम घुटने से भी हुई है। फिलहाल बताया जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी है।


सूचना मिलने के बाद दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे। एक दमकल कर्मी ने बताया कि जिस समय वे मौके पर पहुंचे इमारत में फंसे लोग बचाओ-बचाओ की आवाज लगा रहे थे। पूरी इमारत धुएं से भरी हुई थी। मौके पर पहुंचे बड़ी संख्या में दमकल कर्मियों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। इस दौरान कई शवों को बाहर निकाला गया। कई लोगों की मौत हो चुकी थी। वहीं, कई लोग बेहोश हो गए थे, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

फैक्ट्री में आग बुझने के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल मौके पर पहुंचे थे। घटनास्थल का मुआयना करने के बाद उन्होंने मुआवाजे का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये सरकार देगी। साथ ही उन्होंने कहा कि घायलों का इलाज सरकार करवाएगी, उन्हें 1-1 लाख रुपये मुआवजा दिया जाएगा।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 08 Dec 2019, 9:23 AM