दिल्ली: AAP और LG फिर आमने-सामने, उपराज्यपाल के आदेश पर MCD स्टैंडिंग कमेटी के 18वें सदस्य का चुनाव आज

निगम आयुक्त अश्विनी कुमार ने देर रात जारी एक आदेश में कहा कि उपराज्यपाल ने स्थायी समिति के एक सदस्य का चुनाव शुक्रवार को दोपहर एक बजे कराने का निर्देश दिया है।

फोटो: सोशल मीडिया
i

दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना के आदेश पर आज दिल्ली नगर निगम में स्थायी समिति सदस्य का चुनाव होगा। उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने गुरुवार देर रात एक आदेश में दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के आयुक्त से कहा कि निगम की स्थायी समिति की एक रिक्त सीट पर चुनाव शुक्रवार को कराया जाए।

इससे पहले इस पूरे मामले में दिनभर नाटकीय घटनाक्रम रहा जिसमें महापौर शैली ओबेरॉय ने पांच अक्टूबर तक के लिए चुनाव स्थगित कर दिया था, जबकि बाद में उपराज्यपाल ने महापौर का फैसला पलट दिया था।

निगम आयुक्त अश्विनी कुमार ने देर रात जारी एक आदेश में कहा कि उपराज्यपाल ने स्थायी समिति के एक सदस्य का चुनाव शुक्रवार को दोपहर एक बजे कराने का निर्देश दिया है।

आदेश के अनुसार, समिति की छठी सीट का चुनाव कराने के लिए अतिरिक्त निगम आयुक्त जितेंद्र यादव को एमसीडी की सदन की बैठक का पीठासीन अधिकारी नियुक्त किया गया है। यह सीट भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की नेता कमलजीत सहरावत के पश्चिम दिल्ली सीट से लोकसभा सदस्य निर्वाचित होने के बाद खाली हो गई थी।


पार्षदों की तलाशी को लेकर हुए व्यवधान के बाद महापौर शैली ओबेरॉय ने एमसीडी स्थायी समिति का चुनाव स्थगित कर दिया गया और सदन की बैठक पांच अक्टूबर तक के लिए स्थगित कर दी गई।

अंतिम क्षण में हस्तक्षेप करते हुए सक्सेना ने देर रात स्थायी समिति की अंतिम रिक्त सीट के चुनाव स्थगित करने के फैसले को पलट दिया और एमसीडी आयुक्त अश्विनी कुमार को रात 10 बजे तक रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया था।

महापौर शैली ओबेरॉय ने दावा किया कि यह पहली बार है जब पार्षदों की सुरक्षा जांच की गई है और उन्होंने इसे अलोकतांत्रिक तथा सदन के सदस्यों के लिए अपमानजनक बताया।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए