दिल्ली इमारत हादसा: सीमारपुरी में मलबे से दो और शव निकले, मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हुई
सीमापुरी में ईदगाह मछली मंडी के पास स्थित चार मंजिला इमारत का एक हिस्सा बुधवार दोपहर बाद अचानक ढह गया। इसकी चपेट में आने से आसपास के कुछ घरों का कुछ हिस्सा भी ढह गया। अचानक हुई इस घटना से कई लोग इसकी चपेट में आ गए और मलबे में दब गए।

राजधानी दिल्ली के सीमापुरी इलाके में बुधवार को ढही इमारत के मलबे से आज दो और शव बरामद होने के बाद हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। एक अधिकारी ने बताया कि दोनों मृतकों की पहचान नुसरत उर्फ गुड़िया और हाजरा बीबी के रूप में हुई है। इससे पहले बुधवार रात बरामद शवों की पहचान 12 साल की लड़की, चार महीने की गर्भवती गुलफशा (21) और करीब डेढ़ साल के एक बच्चे के तौर पर हुई थी।
पुलिस ने बताया कि इमारत गिरने से घायल हुए आठ लोगों को इलाज के लिए ताहिरपुर के राजीव गांधी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दिल्ली पुलिस, दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए), राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), एमसीडी और दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (डीयूएसआईबी) की टीम मलबा हटाने और खोज करने में लगी हुई हैं।
सीमापुरी में ईदगाह मछली मंडी के पास स्थित चार मंजिला इमारत का एक हिस्सा बुधवार दोपहर बाद अचानक ढह गया। इसकी चपेट में आने से आसपास के कुछ घरों का कुछ हिस्सा भी ढह गया। अचानक हुई इस घटना से कई लोग इसकी चपेट में आ गए और मलबे में दब गए। शुरुआत में स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए मलबे से कई लोगों को निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
अधिकारियों ने घटना का कारण बताते हुए कहा कि मंगलवार शाम को उत्तराखंड में आए भूकंप के झटकों के बाद इमारत में दरारें आ गईं। हालांकि इसके ढहने का सटीक कारण अब तक पता नहीं चल पाया है। वहीं स्थानीय लोगों ने भी कहा कि मंगलवार देर रात आए भूकंप के बाद इमारत में दरार आ गई थी। इसके बाद लोगों से इमारत खाली कराया जा रहा था कि इसी बीच इमारत का हिस्सा भरभराकर गिर गया।
इसे भी पढ़ेंः दिल्ली के सीमापुरी इलाके में इमारत गिरी, कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका, पुलिस पर देर से पहुंचने का आरोप
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
