दिल्ली में ठंड और प्रदूषण का कहर जारी, आज भी कई इलाकों में AQI 400 पार, सांस लेने में हो रही दिक्कत
बिगड़ते मौसम और जहरीली हवा के चलते लोगों को सांस संबंधी समेत कई स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। आज भी दिल्ली के कई इलाकों में AQI 400 के पार दर्ज किया गया है, जो बेहद गंभीर श्रेणी में आता है।

दिल्ली-NCR में कड़ाके की ठंड लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है। सुबह-सुबह राजधानी में घना कोहरे से विजिबिलिटी काफी कम नजर आई। एक ओर तेज़ ठंड, तो दूसरी ओर बढ़ते प्रदूषण ने दिल्लीवासियों की हालत खराब कर दी है। बिगड़ते मौसम और जहरीली हवा के चलते लोगों को सांस संबंधी समेत कई स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। आज भी दिल्ली के कई इलाकों में AQI 400 के पार दर्ज किया गया है, जो बेहद गंभीर श्रेणी में आता है।
दिल्ली का अधिकतम तापमान 24 डिग्री, न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रह सकता है
तापमान की बात करें तो राजधानी में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। हालांकि, अगले दो दिनों में तापमान में गिरावट आने की संभावना है। 21 और 22 जनवरी को न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
वहीं, दिल्ली की हवा में घुला ज़हर कम होने का नाम नहीं ले रहा है। सुबह 6 बजे दिल्ली का ओवरऑल AQI 397 दर्ज किया गया। राजधानी के सभी मॉनिटरिंग स्टेशन रेड जोन में बने हुए हैं। आनंद विहार और अशोक विहार में AQI 444, बवाना में 418 और बुराड़ी क्रॉसिंग में 416 दर्ज किया गया है।
इन इलाकों में भी AQI 400 पार
इसके अलावा चांदनी चौक (412), कर्णी सिंह (405), ITO (414), जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम (444), मुंडका (437), पंजाबी बाग (437), रोहिणी (440), विवेक विहार (436) और वजीरपुर (446) जैसे इलाकों में भी प्रदूषण का स्तर खतरनाक बना हुआ है।
मौसम विभाग के मुताबिक 23 जनवरी से दिल्ली के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दिन से बारिश का दौर शुरू होने की संभावना जताई गई है। शुक्रवार को आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। बारिश के बाद तापमान में फिर से गिरावट आने के आसार हैं।
आमतौर पर बारिश के बाद ठंड और बढ़ जाती है, ऐसे में दिल्ली में ठंड के और तेज़ होने की संभावना है। फिलहाल राजधानी में बारिश को लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया है।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia