दिल्ली: मुद्दे का राजनीतिकरण न करें’ केजरीवाल ने कानून-व्यवस्था को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने सुबह की सैर के दौरान एक व्यवसायी की गोली मारकर हत्या, पंचशील एन्क्लेव में एक बुजुर्ग की हत्या और जबरन वसूली की बढ़ती घटनाओं सहित कई हिंसक घटनाओं पर चिंता व्यक्त की।

केजरीवाल ने दिल्ली में कानून व्यवस्था की गिरती स्थिति को लेकर केंद्र पर हमला बोला
i
user

पीटीआई (भाषा)

google_preferred_badge

आम आदमी पार्टी (आप) सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को दिल्ली की कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर केंद्र की भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार पर निशाना साधा और कहा कि इस मुद्दे का राजनीतिकरण करने के बजाय उन्हें लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर ध्यान देना चाहिए।

दिल्ली में अगले वर्ष फरवरी में विधानसभा चुनाव होना है और पुलिस केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन आती है।

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने सुबह की सैर के दौरान एक व्यवसायी की गोली मारकर हत्या, पंचशील एन्क्लेव में एक बुजुर्ग की हत्या और जबरन वसूली की बढ़ती घटनाओं सहित कई हिंसक घटनाओं पर चिंता व्यक्त की।


केजरीवाल ने ‘पीटीआई-वीडियो’ सेवा से कहा, “लोग घबराए हुए हैं और कानून-व्यवस्था चरमरा गई है। बुजुर्ग डरे हुए हैं, महिलाएं असुरक्षित महसूस कर रही हैं और गैंगवार हो रही है। दिल्ली के हर कोने में मादक पदार्थ बिक ​​रहे हैं। दिल्ली पुलिस कहां है? गृह मंत्री कहां हैं? ”

उन्होंने कुछ अपराधों के पीछे रोहिंग्याओं का हाथ होने के बीजेपी के दावे पर कहा, “अगर वे रोहिंग्या हैं, तो गृह मंत्री ने उन्हें म्यांमा और बांग्लादेश की सीमाओं पर क्यों नहीं रोका? और अगर वे दिल्ली में घुस आए हैं तो दिल्ली पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार क्यों नहीं किया? इस मुद्दे का राजनीतिकरण करने के बजाय, उन्हें दिल्ली के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर ध्यान देना चाहिए।”


बीजेपी ने पहले भी ‘आप’ पर राजनीतिक लाभ के लिए आपराधिक तत्वों को बचाने का आरोप लगाकर आरोपों का जवाब दिया है। केजरीवाल ने हालांकि, तर्क दिया कि इस तरह के दावे लोगों का ध्यान सार्वजनिक सुरक्षा के अहम मुद्दे से भटकाने की कोशिश है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia