दिल्ली चुनाव: खड़गे ने लोगों से की वोट की अपील, बोले- आपका हर एक वोट दिल्ली में बदलाव का प्रतीक साबित होगा

खड़गे ने एक्स अकाउंट पर लिखा, "दिल्ली विधानसभा चुनाव में वोटिंग की प्रक्रिया शुरु हो गई है। मेरी दिल्ली की सम्मानित जनता से अपील है कि अपना क़ीमती वोट ज़रूर डालें।आपका एक वोट दिल्ली में बदलाव का प्रतीक साबित होगा।"

फोटो: विपिन
i

दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हो गई। विधानसभा की 70 सीटों के लिए मत डाले जा रहे हैं। इस बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने दिल्ली की जनता से वोट की अपील की है।

खड़गे ने एक्स अकाउंट पर लिखा, "दिल्ली विधानसभा चुनाव में वोटिंग की प्रक्रिया शुरु हो गई है। मेरी दिल्ली की सम्मानित जनता से अपील है कि अपना क़ीमती वोट ज़रूर डालें।आपका एक वोट दिल्ली में बदलाव का प्रतीक साबित होगा।"


उन्होंने आगे कहा कि अगर दिल्ली को पहले जैसे विकास के पथ पर अग्रसर करना है तो उन लोगों को चुने जिन्होंने दिल्ली के लिए सच में काम किया है। आपसे झूठे वादे कर आपको ठगा नहीं है। जिन लोगों ने टूटी सड़कें, गंदा पानी, जगह-जगह गंदगी और प्रदूषित हवा के लिए रत्ती भर भी कदम नहीं उठाया और केवल बहानेबाज़ी की, आपको EVM पर बटन दबाने से पहले सोचना होगा कि वो आपकी कितनी चिंता करते हैं। जो लोग केवल नूरा कुश्ती कर सत्ता पर क़ाबिज़ रहना चाहते है वो आपके वोट के सही हकदार नहीं हैं।

उन्होंने आगे कहा कि दिल्ली का भाईचारा, सौहार्द, उसकी समृद्धि, खुशहाली, और संपूर्ण समावेशी विकास सर्वोपरि है। आपको उसे चुनना चाहिए जिसने दिल्ली को तरक्की की राह पर पहुंचाया था। मैं अपने युवाओं से, ख़ासकर पहली बार वोटिंग करने वाले नागरिकों से अनुरोध करता हूँ कि लोकतंत्र के इस उत्सव में आपका स्वागत है और मतदान में भाग ज़रूर लें। होगी हर ज़रूरत पूरी, दिल्ली का विकास है ज़रूरी।

बता दें कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हुई है, जो शाम 6 बजे तक चलेगी। दिल्ली की 70 सीटों पर कुल 13,766 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं।

दिल्ली चुनाव में 699 उम्मीदवार मैदान में हैं। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं। उनके खिलाफ बीजेपी के प्रवेश वर्मा और कांग्रेस के संदीप दीक्षित मैदान में हैं। इसके अलावा दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी कालकाजी से मैदान में हैं। बीजेपी के रमेश बिधूड़ी और कांग्रेस की अलका लांबा उनके खिलाफ चुनाव लड़ रही हैं।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए