दिल्ली चुनावः कांग्रेस ने आतिशी के खिलाफ अलका लांबा को उतारा, कालकाजी सीट से बनाया अपना उम्मीदवार

कांग्रेस अब तक 48 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर चुकी है। पार्टी ने नई दिल्ली सीट से अरविंद केजरीवाल के खिलाफ पूर्व सांसद संदीप दीक्षित और जंगपुरा सीट पर पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के खिलाफ पूर्व मेयर फरहाद सूरी को चुनाव मैदान में उतारा है।

कांग्रेस ने आतिशी के खिलाफ अलका लांबा को उतारा, कालकाजी सीट से बनाया अपना उम्मीदवार
कांग्रेस ने आतिशी के खिलाफ अलका लांबा को उतारा, कालकाजी सीट से बनाया अपना उम्मीदवार
user

नवजीवन डेस्क

कांग्रेस ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में हाईप्रोफाइल सीट कालकाजी से अपने उम्मीदवार का आज ऐलान कर दिया। कांग्रेस ने इस सीट पर मुख्यमंत्री आतिशी के खिलाफ अपनी महिला इकाई की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा को उम्मीदवार बनाया है। पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति ने कालकाजी से अलका लांबा के नाम को स्वीकृति प्रदान की।

अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा ने 1990 के दशक में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) से अपनी छात्र राजनीति की शुरुआत की थी। वह लंबे समय तक एनएसयूआई में रहीं। बाद में वह आम आदमी पार्टी में शामिल हो गई थीं और आप के टिकट पर वह 2015 में चांदनी चौक से विधायक बनी थीं। हालांकि, कुछ ही दिनोंं बाद उन्होंने कांग्रेस में वापसी कर ली थी।


मुख्यमंत्री आतिशी वर्तमान में कालकाजी से विधायक हैं और एक बार फिर से वह इसी सीट से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर चुनाव मैदान में हैं। आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की सभी सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है। वहीं, भातीय जनता पार्टी ने फिलहाल अपने उम्मीदवार अभी तक घोषित नहीं किए हैं।

वहीं कांग्रेस अब तक कुल 48 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर चुकी है। उसने नई दिल्ली सीट से पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ पूर्व सांसद संदीप दीक्षित को टिकट दिया है। इसी तरह, कांग्रेस ने जंगपुरा सीट पर पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के खिलाफ दिल्ली नगर निगम के पूर्व महापौर फरहाद सूरी को चुनाव मैदान में उतारा है। दिल्ली विधानसभा चुनाव अगले महीने होने की संभावना है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia