दिल्ली में कोरोना के कारण स्थिति बेहद गंभीर, आज रात 10 बजे से लॉकडाउन, जानें क्या खुला रहेगा और क्या बंद?

AAP सरकार ने दिल्ली में एक हफ्ते का लॉकडाउन लगाने का फैसला लिया। सीएम ने बताया कि राजधानी में छह दिन का लॉकडाउन लगाया जा रहा है, जो आज (सोमवार) रात से अगले सोमवार तक के लिए अमल में रहेगा।

फोटो: Getty Images
फोटो: Getty Images
user

नवजीवन डेस्क

राजधानी दिल्ली में कोरोना के कारण स्थिति बेहद गंभीर हो गई है। सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि अस्पतालों में बेड और ऑक्सीजन की कमी होती जा रही है। इसी बीच सोमवार को AAP सरकार ने दिल्ली में एक हफ्ते का लॉकडाउन लगाने का फैसला लिया। सीएम ने बताया कि राजधानी में छह दिन का लॉकडाउन लगाया जा रहा है, जो आज (सोमवार) रात से अगले सोमवार तक के लिए अमल में रहेगा। उपराज्यपाल अनिल बैजल और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की बैठक में ये फैसला हुआ है। दिल्ली में सोमवार (आज) रात 10 बजे से लेकर 26 अप्रैल की सुबह तक लॉकडाउन लागू रहेगा। इस दौरान बिना बेवजह कहीं आने जाने पर पाबंदी होगी।

सीएम अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर लॉकडाउन का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि इस लड़ाई में जनता की मदद जरूरी है, हमने हर चीज जनता के सामने रखी है। दिल्ली में आज सबसे अधिक टेस्ट हो रहे हैं, हर रोज टेस्टिंग की संख्या को बढ़ाया जा रहा है। दिल्ली सरकार ने किसी से मौत के आंकड़े भी नहीं छुपाए। दिल्ली में कितने बेड्स, आईसीयू बेड्स और अस्पतालों की क्या हालत है, हमने जनता को बताया है।


सीएम केजरीवाल ने दिल्ली की स्थिति पर चिता जताते हुए कहा कि राजधानी में अब हर दिन करीब 25 हजार कोरोना के नए मामले सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली के अस्पतालों में अब बेड्स की कमी होने लगी है। दिल्ली के अस्पतालों में दवाई नहीं है, ऑक्सीजन नहीं है। दिल्ली का हेल्थ सिस्टम और ज्यादा मरीज नहीं ले सकता है, इसलिए लॉकडाउन बहुत जरूरी है।

अरविंद केजरीवाल ने लॉकडाउन का ऐलान करते हुए कहा कि इस दौरान हम दिल्ली में बेड्स की संख्या को बढ़ाएंगे। यह बंदी कोरोना पर ब्रेक लगाने के लिए किया जा रहा है।

आज रात 10 बजे से दिल्ली में फिर से सख्ती लागू की जा रही है। लेकिन जरूरी सेवाओं से जुड़े लोगों को छूट मिल सकती है। आइए जानते हैं क्या खुला रहेगा और क्या बंद...

आज रात 10 बजे से अगले सोमवार सुबह 5 बजे तक सभी मॉल, जिम, स्पा, ऑडिटोरियम, असेंबली हॉल, एंटरनेटमेंट पार्क बंद रहेंगे। इस दौरान दिल्ली में रेस्तरां में जाकर खाने पर पाबंदी होगी। होम डिलिवरी या टेक अवे की इजाजत रहेगी।

अस्पताल, सरकारी कर्मचारी, पुलिस, जिलाधिकारी, बिजली, पानी, सफाई से जुड़े लोगों को कर्फ्यू में छूट मिलेगी। अगर किसी को अस्पताल जाना है, वैक्सीन लगवाने जाना है या किसी बीमार को बाहर ले जाना है, तो उन्हें बाहर जाने की छूट होगी।


दिल्ली में सभी प्राइवेट दफ्तरों में वर्क फ्रॉम होम किया जाएगा। सरकारी दफ्तरों में कुछ ही अफसरों के आने की इजाजत होगी। प्रवासी मजदूरों को कोई समस्या ना हो, उपराज्यपाल ने इसके निर्देश दिए हैं, ताकि अधिकारी अहम फैसले लें।

रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, एयरपोर्ट जाने वाले लोगों को छूट मिलेगी। वीकली मार्केट को जोन के हिसाब से एक दिन में खोला जाएगा। स्थानीय अधिकारियों द्वारा इसकी सूचना दी जाएगी।

अगर कोई शादी का कार्यक्रम है, तो उसमें सिर्फ 50 लोगों को ही इजाजत दी जाएगी, लेकिन उसके लिए पास लेना होगा। मेट्रो, बस सर्विस चालू रहेगी। लेकिन उन्हीं लोगों को इनमें ट्रैवल करने की छूट मिलेगी, जो जरूरी क्षेत्र से जुड़े हुए हैं।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 19 Apr 2021, 1:01 PM