केंद्र के खिलाफ किसानों का दिल्ली कूच शुरू, हरियाणा ने बंद की सीमाएं, कुरुक्षेत्र में वाटर कैनन का इस्तेमाल

पंजाब से किसानों के बड़े पैमाने पर दिल्ली कूच को देखते हुए हरियाणा सरकार ने पंजाब और दिल्ली से लगी सीमाओं को सील कर भारी पुलिस बल की तैनाती की है। इसके अलावा बड़े पैमाने पर किसान और मजदूर नेताओं की गिरफ्तारी जारी है, जिससे किसानों की नाराजगी और बढ़ गई है।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

आसिफ एस खान

केंद्र की मोदी सरकार के विवादित कृषि कानूनों, बिजली कानून- 2020 और पराली जलाने को लेकर किसानों पर भारी जुर्माने के खिलाफ 26 और 27 नवंबर को दिल्ली में प्रदर्शन के लिए किसानों का ‘दिल्ली चलो’ आंदोलन शुरू हो गया है। प्रदर्शन में शामिल होने के लिए पंजाब के हजारों किसान दिल्ली के लिए निकल पड़े हैं, जिन्हें रोकने के लिए हरियाणा सरकार ने सभी सीमाओं को सील कर भारी पुलिस बल की तैनाती की है।

इसके अलावा पंजाब से करीब दो लाख से अधिक किसान, मजदूर और महिलाएं दिल्ली कूच करने के लिए तैयार हैं। भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां के जोगिंदर सिंह उगराहां ने बताया कि किसान संगठनों ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। उन्होंने बताया कि पंजाब से 960 बसें, 2400 ट्रैक्टर-ट्रालियां, 20 पानी के टैंकर और 23 अन्य वाहन इस काफिले में शामिल होंगे। किसान नेता ने आरोप लगाया है कि दिल्ली के लिए रवाना की गई राशन से लदीं 40 ट्रालियों को हरियाणा सरकार ने बार्डर पर रोक लिया है।

दरअसल पंजाब से किसानों के बड़े पैमाने पर दिल्ली कूच की तैयारी को देखते हुए हरियाणा सरकार ने इसे विफल करने के लिए पंजाब और दिल्ली से लगने वाली सीमाओं पर भारी पुलिस बल की तैनाती की है। तमाम रास्तों पर नाका लगाकर रास्ता बंद कर दिया गया है। सोमवार रात से ही कई किसान और मजदूर नेताओं की गिरफ्तारी जारी है, जिससे किसानों की नाराजगी और बढ़ गई है।

सिरसा में पंजाब सीमा के नजदीक किसान प्रदर्शन करते हुए पहुंच गए हैं। अंबाला के मोहड़ा में भारी संख्या में किसान जुटे हुए हैं। कुरुक्षेत्र में दिल्ली कूच के लिए पहुंचे किसानों को पुलिस ने बैरिकेड लगाकर रोकने की कोशिश की, लेकिन नहीं मानने पर सर्दी में किसानों पर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया है।

इसके अलावा जींद और सोनीपत में भी पंजाब के किसी भी वाहन को हरियाणा में प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा है। हरियाणा पुलिस ने सभी सीमाओं पर अवरोध लगा दिए हैं और भारी पुलिस बल तैनात किया है। उधर दिल्ली-चंडीगढ़ राजमार्ग पर प्रशासन ने रूट डायवर्ट किया है। राज्य की पंजाब और दिल्ली से लगने वाली सबी सीमाओं पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि किसानों को दिल्ली पहुंचने से रोका जा सके।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 25 Nov 2020, 6:28 PM
/* */