दिल्ली में भीषण गर्मी का रेड अलर्ट, आज होंगे और बुरे हालात, संडे को तापमान ने तोड़ा 5 साल का रिकॉर्ड

सोमवार को दिल्ली में भयंकर गर्मी की आशंका है। मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान करीब 45 डिग्री सेल्सियस तक चढ़ने की आशंका जताई है। भीषण गर्मी की चेतावनी देते हुए मौसम विभाग ने रेड अलर्ट घोषित किया है। लिहाजा, लोगों को गर्मी की मार से बचकर रहना होगा।

फोटो :सोशल मीडिया
फोटो :सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

राजधानी में रविवार को एक बार फिर तापमान ने 5 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। 44 डिग्री तापमान और लू के थपेड़ों से लोग बेहाल हो गए। तापमान बढ़ने से दिल्ली में औरेंज अलर्ट जारी किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में पारा 43.8 डिग्री सेल्सियस तक चढ़ गया, जो सामान्य से 4 डिग्री अधिक रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वर्ष 2015 में 9 जून को दिल्ली का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था।

रविवार को दिल्ली के पालम और आयानगर मानक केंद्र पर अधिकतम तापमान 46.2 डिग्री दर्ज हुआ। वहीं, जाफरपुर केंद्र पर अधिकतम पारा 45.6 डिग्री, स्पोर्ट्स कांप्लेक्स केंद्र पर 45.5 डिग्री, रिज केंद्र पर 44.9 डिग्री, मुंगेशपुर और नजफगढ़ केंद्र पर 44.4 डिग्री और लोधी रोड मानक केंद्र पर 44.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।


सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान करीब 45 डिग्री सेल्सियस तक चढ़ने की आशंका है। भीषण गर्मी की चेतावनी देते हुए मौसम विभाग ने रेड अलर्ट घोषित किया है। लिहाजा, लोगों को गर्मी की मार से बचकर रहना होगा। बुधवार और बृहस्पतिवार के लिए भी दिल्ली में भीषण गर्मी का येलो अलर्ट जारी किया है।

इस बीच अधिकतम तापमान 43 और 42 डिग्री रहने की आशंका है। इन तीन दिनों में 30 से 40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी के साथ गर्जन की संभावना है। शुक्रवार और शनिवार को भी दिल्ली का तापमान करीब 43 डिग्री रहने की संभावना है। इसके लिए फिलहाल कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia