दिल्ली से मेरठ का सफर, आपके स्टेशन से नमो भारत कितने बजे चलेगी? पहली और आखिरी ट्रेन की पूरी डिटेल यहां

यह ट्रेन दिल्ली से मेरठ का सफर करीब एक घंटे से भी कम समय में पूरा करेगी। रोजाना अप-डाउन करने वाले यात्रियों के लिए इसे बड़ी सुविधा माना जा रहा है।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

दिल्ली से मेरठ के बीच रोजाना सफर करने वालों के लिए आज का दिन बेहद खास है। सड़क जाम, धूल-धुआं और घंटों के ट्रैफिक से जूझने वाले यात्रियों को अब बड़ी राहत मिल गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली-मेरठ रैपिड रेल कॉरिडोर और मेरठ मेट्रो का उद्घाटन कर दिया है। इसके साथ ही 82 किलोमीटर लंबे पूरे रूट पर नमो भारत ट्रेन का संचालन शुरू हो गया है।

सराय काले खां से लेकर मोदीपुरम डिपो तक हाई-स्पीड कनेक्टिविटी मिलने से एनसीआर में यात्रा का एक नया मॉडल तैयार हुआ है। यह ट्रेन दिल्ली से मेरठ का सफर करीब एक घंटे से भी कम समय में पूरा करेगी। रोजाना अप-डाउन करने वाले यात्रियों के लिए इसे बड़ी सुविधा माना जा रहा है।

उद्घाटन कार्यक्रम में कौन-कौन रहे मौजूद?

इस परियोजना के उद्घाटन समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath भी शामिल रहे। कार्यक्रम को हाई-प्रोफाइल बताया गया। सांसद Arun Govil की भी मौजूदगी रही।

उद्घाटन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शताब्दी नगर पहुंचकर तैयारियों की समीक्षा की। उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री मोदी मेरठ के मोहिउद्दीनपुर में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसी कार्यक्रम के तहत मेरठ मेट्रो को भी हरी झंडी दिखाई जानी है, जो मोदीपुरम से मेरठ साउथ तक 12 स्टेशनों को जोड़ेगी।


किन-किन स्टेशनों पर रुकेगी नमो भारत ट्रेन?

दिल्ली से मेरठ के बीच नमो भारत ट्रेन तय स्टॉपेज के साथ संचालित होगी, ताकि विभिन्न शहरों और इलाकों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सके। नीचे सुबह की पहली और रात की आखिरी ट्रेन की टाइमिंग दी गई है:

  • सराय काले खां- पहली 06:00 बजे, आखिरी 10:00 बजे

  • न्यू अशोक नगर- पहली 06:05 बजे, आखिरी 10:05 बजे

  • आनंद विहार- पहली 06:11 बजे, आखिरी 10:11 बजे

  • साहिबाबाद- पहली 06:16 बजे, आखिरी 10:16 बजे

  • गाजियाबाद- पहली 06:10 बजे, आखिरी 10:21 बजे

  • गुलधर- पहली 06:14 बजे, आखिरी 10:25 बजे

  • दुहाई- पहली 05:50 बजे, आखिरी 10:29 बजे

  • मुरादनगर- पहली 05:54 बजे, आखिरी 10:33 बजे

  • मोदीनगर सदर- पहली 05:59 बजे, आखिरी 10:38 बजे

  • मोदीनगर उत्तर- पहली 06:03 बजे, आखिरी 10:42 बजे

  • शताब्दी नगर – पहली 06:05 बजे, आखिरी 10:52 बजे

एनसीआर के ट्रांसपोर्ट सिस्टम में बड़ा बदलाव

दिल्ली-मेरठ रीजन में यह परियोजना ट्रांसपोर्ट के क्षेत्र में एक बड़े बदलाव के रूप में देखी जा रही है। हाई-स्पीड रैपिड रेल और मेट्रो नेटवर्क से दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ के बीच आवागमन आसान होगा।

विशेषज्ञों का मानना है कि इससे सड़क ट्रैफिक का दबाव कम होगा और समय की बचत होगी। रोजाना सफर करने वाले यात्रियों के लिए यह परियोजना लंबी अवधि में राहत का जरिया बन सकती है।  

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia