दिल्ली के मेट्रो यात्री ध्यान दें! DMRC ने 16 मेट्रो स्टेशन किए बंद, जानिए किन स्टेशनों पर इंटरचेंज रहेगा जारी
DMRC ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए राजीव चौक, मंडी हाउस, जनपथ, ITO समेत 16 मेट्रो स्टेशन अगले आदेश तक बंद कर दिए हैं। इंटरचेंज सुविधा तीन स्टेशनों पर जारी रहेगी।

जंतर-मंतर पर CJP के प्रदर्शन के बीच दिल्ली में सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने बड़ा फैसला लिया है। डीएमआरसी ने 16 मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद कर दिया है। DMRC के मुताबिक, इन स्टेशनों पर यात्रियों के प्रवेश और निकास पर फिलहाल रोक रहेगी। हालांकि यात्रियों की सुविधा के लिए राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट स्टेशन पर इंटरचेंज की सुविधा पहले की तरह जारी रहेगी। इससे पहले डीएमआरसी ने सिर्फ चार मेट्रो स्टेशन बंद करने की जानकारी दी थी।
DMRC ने जारी की नई स्टेशन सूची
DMRC ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि सुरक्षा कारणों से लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, ITO, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग और शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन अगले आदेश तक बंद रहेंगे। हालांकि राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट पर इंटरचेंज सुविधा उपलब्ध रहेगी, ताकि विभिन्न मेट्रो लाइनों के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को कम से कम असुविधा हो।
सोमवार को भी बंद किए गए थे कई स्टेशन
इससे पहले सोमवार को भी 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के विरोध मार्च से पहले एहतियात के तौर पर दिल्ली के मध्य हिस्से के पांच प्रमुख मेट्रो स्टेशन, राजीव चौक, जनपथ, पटेल चौक, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट और सेवा तीर्थ, दिन के अधिकांश समय तक बंद रखे गए थे। बाद में हालात सामान्य होने पर इन स्टेशनों को चरणबद्ध तरीके से खोल दिया गया था। इसी दौरान तकनीकी खराबी के कारण दिल्ली मेट्रो की वायलेट लाइन पर कुछ समय के लिए सेवाएं भी प्रभावित हुई थीं, जिन्हें बाद में बहाल कर दिया गया।
CJP प्रदर्शन के बाद पुलिस की कार्रवाई
दिल्ली पुलिस ने 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) द्वारा आयोजित विरोध प्रदर्शनों के सिलसिले में अब तक 10 एफआईआर दर्ज की हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान हुई विभिन्न घटनाओं और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों को लेकर नई दिल्ली जिले के अलग-अलग इलाकों में ये मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें चार एफआईआर पार्लियामेंट स्ट्रीट थाना और तीन एफआईआर कनॉट प्लेस थाना में दर्ज की गई हैं। पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन से जुड़े मामलों में कानूनी कार्रवाई जारी है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 22 Jul 2026, 11:49 AM
