दिल्ली नगर निगम उपचुनाव: 12 वार्ड में मतगणना जारी, 51 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला आज, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

दिल्ली राज्य निर्वाचन आयोग ने मतगणना के लिए सभी व्यवस्थाएं की हैं। मतगणना के लिए कंझावला, पीतमपुरा, भरत नगर, सिविल लाइंस, राउज एवेन्यू, द्वारका, नजफगढ़, गोल मार्केट, पुष्प विहार और मंडावली में 10 केंद्र बनाए गए हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

पीटीआई (भाषा)

दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के 12 वार्ड में हुए उपचुनाव की मतगणना बुधवार सुबह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई।

तीस नवंबर को जिन 12 वार्ड में मतदान हुआ था, उनमें से नौ वार्ड पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जबकि बाकी पर आम आदमी पार्टी (आप) के निगम पार्षद थे।

दिल्ली राज्य निर्वाचन आयोग ने मतगणना के लिए सभी व्यवस्थाएं की हैं। मतगणना के लिए कंझावला, पीतमपुरा, भरत नगर, सिविल लाइंस, राउज एवेन्यू, द्वारका, नजफगढ़, गोल मार्केट, पुष्प विहार और मंडावली में 10 केंद्र बनाए गए हैं।

इस चुनावी मुकाबले में कुल 51 कैंडिडेट हैं। इनमें 26 महिला और 25 पुरुष कैंडिडेट हैं। 250 सदस्यीय एमसीडी सदन में बीजेपी के पास वर्तमान में 116 सीटें हैं, आप के पास 99, इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी के पास 15 और कांग्रेस के पास 8 सीटें हैं। 

दिल्ली पुलिस के करीब 1,800 कर्मियों और अर्द्धसैनिक बलों की 10 कंपनियों को मतगणना के लिए तैनात किया गया है। लगभग 700 कर्मियों को मतगणना के लिए तैनात किया गया है और उम्मीदवारों व उनके अधिकृत मतगणना एजेंट के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

उपचुनावों में मतदान 38.51 प्रतिशत रहा था, जबकि 2022 में एमसीडी के 250 वार्ड पर हुए चुनाव में मतदान प्रतिशत 50.47 था।

सभी की नजरें खास तौर पर शालीमार बाग बी और द्वारका बी वार्ड के नतीजों पर टिकी होंगी।

शालीमार बाग बी वार्ड से निगम पार्षद रहीं रेखा गुप्ता फरवरी में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के बाद मुख्यमंत्री बनी थीं, जिसके बाद यह वार्ड खाली हो गया था।

पश्चिम दिल्ली से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद कमलजीत सेहरावत पहले द्वारका बी वार्ड से निगम पार्षद थीं।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia