दिल्ली की जहरीली हवा से सावधान! अस्थमा और दिल के मरीजों के लिए डॉक्टर ने जारी की खास सलाह

दिवाली के बाद दिल्ली-NCR में प्रदूषण से अस्थमा, COPD और फेफड़ों के मरीजों की परेशानी बढ़ रही है। डॉक्टर ने ऑक्सीजन और दवाओं को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी।

फोटो: IANS
i
  • दिवाली के बाद दिल्ली-NCR में प्रदूषण बढ़ने से अस्थमा, COPD और फेफड़ों की दूसरी बीमारियों से जूझ रहे लोगों की परेशानी बढ़ रही है।

  • डॉक्टरों के मुताबिक, PM2.5 और PM10 के महीन कण फेफड़ों में सूजन पैदा कर सांस लेने में दिक्कत बढ़ा रहे हैं।

  • सीके बिड़ला अस्पताल के डॉ. विकास मित्तल ने बताया कि सांस के मरीजों की ओपीडी बढ़ी है और कुछ मरीजों को भर्ती भी करना पड़ रहा है।

  • घर पर ऑक्सीजन या BiPAP इस्तेमाल करने वाले मरीजों को मशीनों की सर्विसिंग और नियमित SpO2 जांच पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी गई है।

दिवाली के बाद दिल्ली-NCR की हवा एक बार फिर सेहत के लिए गंभीर चुनौती बन गई है। प्रदूषण का सबसे ज्यादा असर उन लोगों पर दिखाई दे रहा है, जो पहले से सांस की बीमारियों से जूझ रहे हैं। अस्थमा, क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (COPD) और इंटरस्टिशियल लंग डिजीज (ILD) के मरीजों की मुश्किलें बढ़ रही हैं। हवा में मौजूद PM2.5 और PM10 के बारीक कण फेफड़ों में सूजन पैदा कर रहे हैं, जिससे सांस लेने में परेशानी हो सकती है।

सीके बिड़ला अस्पताल, दिल्ली के पल्मोनोलॉजी विभाग के निदेशक डॉ. विकास मित्तल ने Aajtak.in को बताया कि इन दिनों अस्पताल की ओपीडी में सांस संबंधी बीमारियों के मरीज बढ़े हैं। पहले से अस्थमा और COPD से पीड़ित लोगों के लक्षण ज्यादा गंभीर हो रहे हैं। कुछ मरीजों को अस्पताल में भर्ती कर इलाज भी देना पड़ रहा है।

दवाएं बंद करना पड़ सकता है भारी, डॉक्टर से संपर्क जरूरी

डॉ. विकास मित्तल के मुताबिक, पुरानी बीमारियों से जूझ रहे लोगों को इस समय अपने डॉक्टर के संपर्क में रहना चाहिए। ऐसा उन मरीजों के लिए भी जरूरी है, जिन्हें फिलहाल लक्षणों में कोई खास बढ़ोतरी महसूस नहीं हो रही है।

अक्सर तबीयत ठीक लगने पर मरीज अपनी दवाएं लेना बंद कर देते हैं, लेकिन प्रदूषण के इस दौर में ऐसा करना नुकसानदायक हो सकता है। डॉक्टर की सलाह के बिना किसी भी दवा को बंद नहीं करना चाहिए। नियमित इलाज जारी रखना और स्वास्थ्य की स्थिति पर नजर रखना जरूरी है।


ऑक्सीजन और BiPAP इस्तेमाल करने वाले मरीज बरतें खास सावधानी

अस्थमा, COPD और ILD के ऐसे मरीज जो घर पर ऑक्सीजन या BiPAP मशीन का इस्तेमाल करते हैं, उन्हें अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत है। डॉक्टर ने सलाह दी है कि इन मशीनों की समय पर सर्विसिंग कराई जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर वे सही तरीके से काम कर सकें।

इसके साथ ही मरीजों को पल्स ऑक्सीमीटर की मदद से खून में ऑक्सीजन का स्तर यानी SpO2 नियमित रूप से जांचते रहना चाहिए। इससे अपनी सेहत की स्थिति पर नजर रखने में मदद मिल सकती है।

डायबिटीज और दिल के मरीज भी रहें सतर्क

प्रदूषण के मौजूदा हालात में सावधानी सिर्फ फेफड़ों की बीमारी से जूझ रहे लोगों के लिए ही जरूरी नहीं है। डायबिटीज और दिल की बीमारी वाले मरीजों को भी अपनी सेहत पर विशेष ध्यान देना चाहिए।

दिवाली के दौरान खानपान और रोजमर्रा की दिनचर्या में बदलाव से ब्लड शुगर का स्तर प्रभावित हो सकता है। ऐसे में डायबिटीज के मरीज नियमित रूप से अपनी शुगर जांचते रहें और इलाज में लापरवाही न बरतें।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए