दिल्ली-NCR में सर्दी, कोहरा और प्रदूषण की तिहरी मार, जनजीवन बुरी तरह प्रभावित, येलो अलर्ट जारी

दिल्ली-NCR में सर्दी, घना कोहरा और बढ़ता प्रदूषण एक साथ लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। कम दृश्यता से ट्रैफिक और जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।

फोटो: Getty Images
i
user

नवजीवन डेस्क

देश की राजधानी दिल्ली और उससे सटे एनसीआर में मौसम ने एक बार फिर लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बीते कुछ दिनों से ठंड, घना कोहरा और बढ़ता प्रदूषण, तीनों मिलकर हालात को और चुनौतीपूर्ण बना रहे हैं। आसमान में लगातार बादल छाए रहने और सुबह के समय कोहरे की मोटी परत की वजह से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

सड़कों पर थमी रफ्तार

सुबह दिल्ली के कई हिस्सों में दृश्यता बेहद कम दर्ज की गई। हालात ऐसे रहे कि सड़कों पर चलने वाले वाहन रेंगते नजर आए। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, पालम और सफदरजंग इलाकों में सुबह दृश्यता घटकर लगभग 100 मीटर तक पहुंच गई थी। कोहरे की वजह से ऑफिस जाने वाले कर्मचारियों और स्कूल बसों को समय पर निकलने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा


ठंडी हवाओं से बढ़ी ठिठुरन

कोहरे के साथ उत्तर और उत्तर-पश्चिम दिशा से चल रही ठंडी और बर्फीली हवाओं ने सर्दी का असर और तेज कर दिया है। आज (4 फरवरी 2026) दिल्ली में न्यूनतम तापमान करीब 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि अधिकतम तापमान करीब 22.5 डिग्री सेल्सियस रहा। बर्फीली हवाओं की वजह से ठिठुरन ज्यादा महसूस हुई।

येलो अलर्ट जारी किया गया

मौसम विभाग ने बुधवार के लिए भी दिल्ली में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। इसी को देखते हुए येलो अलर्ट लगाया गया है। IMD का कहना है कि सुबह के समय कुछ इलाकों में हल्का, जबकि कई जगहों पर घना कोहरा देखने को मिल सकता है। हवा की रफ्तार ज्यादा तेज नहीं रहने की संभावना है और यह 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच रह सकती है। बुधवार को अधिकतम तापमान 21 से 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान जताया गया है।


प्रदूषण ने बढ़ाई चिंता

मौसम के साथ प्रदूषण भी दिल्लीवासियों के लिए बड़ी चिंता बना हुआ है। हवा की गति कम होने की वजह से प्रदूषित कण वातावरण में ही फंसे हुए हैं, जिससे वायु गुणवत्ता लगातार खराब बनी हुई है। मंगलवार को राजधानी के 17 इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 300 से ऊपर दर्ज किया गया, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है। दिल्ली का औसत AQI 272 रहा, जो एक दिन पहले की तुलना में 62 अंक अधिक है।

फिलहाल राहत के आसार कम

वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली के अनुसार, अगले दो दिनों तक प्रदूषण से किसी बड़ी राहत की उम्मीद कम है। कम हवा और स्थिर मौसम के कारण हालात जस के तस बने रह सकते हैं। विशेषज्ञों की सलाह है कि लोग सुबह और देर रात के समय बाहर निकलते वक्त सावधानी बरतें और स्वास्थ्य को लेकर सतर्क रहें।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia