दिल्ली-NCR में भारी बारिश, कई जगहों पर जलजमाव से बढ़ी मुश्किलें, IMD ने जारी किया रेड अलर्ट

दिल्ली-NCR में सुबह से भारी बारिश हो रही है। बारिश की वजह से कई जगहों पर जलजमाव हो गया है। इस बीच IMD ने रेड अलर्ट जारी किया है।

फोटो: सोशव मीडिया
i

दिल्ली और NCR में मंगलवार सुबह से ही बारिश हो रही है। सुबह करीब 6:30 से 7 बजे के बीच शुरू हुई तेज बारिश के बाद कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गई है। आसमान में घने काले बादल छाए हैं। मौसम विभाग ने आज के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।

IMD के मुताबिक, मंगलवार सुबह 10:13 बजे तक दिल्ली के सभी जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट है। इनमें सेंट्रल दिल्ली, ईस्ट दिल्ली, न्यू दिल्ली, नॉर्थ दिल्ली, नॉर्थ ईस्ट दिल्ली, नॉर्थ वेस्ट दिल्ली, शाहदरा, साउथ दिल्ली, साउथ ईस्ट दिल्ली, साउथ वेस्ट दिल्ली और वेस्ट दिल्ली शामिल हैं। इन इलाकों में बारिश 15 मिलीमीटर प्रति घंटे से ज्यादा होने की संभावना जताई गई है।

बारिश के साथ चल सकती हैं हवाएं

रेड अलर्ट के बीच मौसम विभाग ने सिर्फ बारिश ही नहीं, बल्कि आंधी-तूफान की भी आशंका जताई है। अनुमान है कि तेज बारिश के दौरान हवाओं की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। बिजली कड़कने और तूफान के साथ भारी बारिश की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि अगले कुछ घंटों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है।

लगातार बारिश का असर सुबह से ही सड़कों पर दिखाई देने लगा। कई जगहों पर पानी भरने से लोगों को आवाजाही में परेशानी हुई और सुबह के समय ट्रैफिक जाम में लोग फंसे रहे। स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्रों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बारिश को देखते हुए ज्यादातर स्कूलों में 'रेनी डे' घोषित किया गया।


गुरुग्राम में ऑनलाइन क्लास, वर्क फ्रॉम होम की सलाह

बारिश का असर दिल्ली के साथ पूरे NCR में देखने को मिल रहा है। नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम में भी बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है। इससे पिछले दिनों की गर्मी और उमस से लोगों को काफी राहत मिली है।

वहीं, गुरुग्राम प्रशासन ने मंगलवार, 25 अगस्त को स्कूलों के लिए ऑनलाइन क्लास और ऑफिस जाने वाले कर्मचारियों के लिए वर्क फ्रॉम होम की सलाह दी है। इस बीच दिल्ली-NCR में घने बादल और लगातार हो रही बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। रेड अलर्ट और अगले कुछ घंटों तक बारिश जारी रहने के अनुमान के बीच लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए