दिल्ली-NCR बारिश से बेहाल, सड़कें जलमग्न, ट्रैफिक जाम से थमी रफ्तार, आज भी राहत नहीं
दिल्ली-एनसीआर में लगातार बारिश से जलभराव और ट्रैफिक संकट गहरा गया है। गुरुग्राम में 33 घंटे में 115 मिमी बारिश हुई, जबकि IMD ने आज भी येलो अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली-एनसीआर में लगातार हो रही झमाझम बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। रातभर हुई बारिश के बाद दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद और गाजियाबाद के कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया, जिससे लोगों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बारिश से जहां भीषण गर्मी से राहत मिली है, वहीं जलभराव और ट्रैफिक जाम ने रोजमर्रा की जिंदगी की रफ्तार धीमी कर दी है। इस बीच भारत मौसम विभाग (IMD) ने 9 जुलाई के लिए भी बारिश जारी रहने की संभावना जताते हुए दिल्ली में येलो अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली से गुरुग्राम तक जलभराव, ट्रैफिक की रफ्तार थमी
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और उससे सटे एनसीआर के शहरों में कई प्रमुख सड़कें जलमग्न हो गई हैं। दिल्ली में आईटीओ, रिंग रोड, नजफगढ़ और अन्य निचले इलाकों में पानी भरने से सुबह ऑफिस जाने वाले लोगों को परेशानी हुई। वहीं नोएडा की फिल्म सिटी समेत कई सड़कों पर जलभराव देखने को मिला। गाजियाबाद और फरीदाबाद में भी बारिश का असर यातायात पर साफ दिखाई दिया, जहां सड़कों पर पानी जमा होने से वाहनों की रफ्तार सुस्त पड़ गई।
गुरुग्राम में 33 घंटे में 115 मिमी बारिश, देर रात तक जाम
दिल्ली से सटे गुरुग्राम में पिछले दो दिनों की बारिश ने हालात सबसे ज्यादा खराब कर दिए। 33 घंटों में 115 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जिसमें मंगलवार को 83 मिलीमीटर और बुधवार को 32 मिलीमीटर बारिश हुई। दिल्ली-जयपुर हाईवे की सर्विस लेन, नरसिंहपुर, बसई, कादीपुर, सोहना रोड समेत कई मुख्य मार्गों पर पानी भर गया। कई वाहन जलभराव में फंसकर खराब हो गए।
लगातार बारिश के कारण साइबर सिटी की रफ्तार पूरी तरह थम गई। सड़कें दरिया जैसी नजर आईं और लोग देर रात तक ट्रैफिक जाम में फंसे रहे। कई लोगों को दफ्तर से घर पहुंचने में 5 से 6 घंटे तक लग गए। सेक्टर-31, सेक्टर-39, शीतला माता मंदिर रोड, सेक्टर-10A, पटौदी रोड, बसई रोड, कादीपुर और उमंग भारद्वाज चौक सहित कई इलाकों में भारी जलभराव दर्ज किया गया। हर साल की तरह इस बार भी खराब ड्रेनेज व्यवस्था, जाम नालियां और जल निकासी सिस्टम के ठीक से काम नहीं करने के कारण शहर में पानी भरने की स्थिति बनी।
इन इलाकों में सबसे ज्यादा बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक, 9 जुलाई को सुबह 4:15 बजे तक पूसा, लोधी रोड, गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा (जीबी नगर) में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई। पूसा में 66 मिमी, लोधी रोड में 65 मिमी, महरौली में 63 मिमी, मयूर विहार में 57 मिमी, छतरपुर में 47 मिमी, नारायणा और नजफगढ़ में 42-42 मिमी, जबकि जनकपुरी और प्रगति मैदान में 34-34 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
आज भी तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना
IMD के अनुसार, 9 जुलाई यानी आज भी दिल्ली-एनसीआर में गरज-चमक के साथ बारिश होने और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने दिल्ली में येलो अलर्ट जारी किया है, जबकि कुछ इलाकों के लिए रेड अलर्ट भी जारी किया गया है। अलर्ट के बीच दिल्ली-एनसीआर के में लगातार बारिश जारी है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
