दिल्ली-NCR में बारिश से राहत, लेकिन प्रदूषण बरकरार, कई इलाकों में AQI 200 के पार
दिल्ली-NCR में रविवार को बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया है, लेकिन कई इलाकों में आज भी AQI खराब है।

दिल्ली-NCR में रविवार को बारिश के बाद ठंडी हवाएं चलीं और मौसम सुहाना हो गया।
दिल्ली के कई इलाकों में AQI 200 के पार दर्ज हुआ, जो खराब श्रेणी में आता है।
दिल्ली में सोमवार को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने और तापमान 31 से 33 डिग्री रहने का अनुमान है।
बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन चक्रवाती तूफान में बदल सकता है और 27 अक्टूबर तक गंभीर चक्रवाती तूफान बनने की संभावना है।
दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में रविवार को हुई बारिश के बाद मौसम का मिजाज बदल गया। बारिश के साथ चली ठंडी हवाओं से लोगों को सुहावने मौसम का एहसास हुआ। हालांकि, बारिश के बावजूद दिल्ली के कई इलाकों में वायु प्रदूषण का स्तर खराब बना हुआ है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, रविवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। सोमवार को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। इस दिन अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। विभाग के मुताबिक, दिल्ली में ज्यादातर जगहों पर न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रहने की संभावना है।
दिल्ली के कई इलाकों में AQI 200 के पार
बारिश के बाद मौसम सुहाना जरूर हुआ है, लेकिन दिल्ली के कई इलाकों में प्रदूषण की समस्या बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, अलीपुर में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 248, DTU में 203 और IIT दिल्ली में 254 दर्ज किया गया। ये सभी आंकड़े खराब श्रेणी में आते हैं।
दूसरी ओर, बुराड़ी में AQI 167, अशोक विहार में 150, द्वारका सेक्टर-8 में 198, IGI एयरपोर्ट टर्मिनल-3 पर 176 और आनंद विहार में 179 दर्ज किया गया। जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में AQI 229 रहा। CPCB के मानकों के अनुसार, 101 से 200 के बीच AQI को मध्यम और 201 से 300 के बीच खराब श्रेणी में रखा जाता है। वहीं, 0 से 50 तक की वायु गुणवत्ता अच्छी, 51 से 100 संतोषजनक, 301 से 400 बहुत खराब और 401 से 500 गंभीर मानी जाती है।
बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान का खतरा
इस बीच, बंगाल की खाड़ी में मौसम की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। IMD ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि पूर्वी-मध्य और उससे सटी दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना डिप्रेशन दक्षिण-पूर्व की ओर बढ़ा है।
मौसम विभाग के अनुसार, इसके पहले डीप डिप्रेशन में बदलने और फिर पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर मुड़ने की संभावना है। 26 अक्टूबर की सुबह तक इसके पूर्वी-मध्य और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती तूफान में बदलने का अनुमान है। इसके बाद 27 अक्टूबर की सुबह के आसपास पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर इसके गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की प्रबल संभावना जताई गई है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
