दिल्ली-NCR में बढ़ने लगी ठिठुरन, अगले 48 घंटे में 2 डिग्री तक गिरेगा पारा, सुबह कोहरे का अलर्ट

दिल्ली-NCR में ठंड बढ़ने के साथ अगले 48 घंटों में रात के तापमान में 2 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है, जबकि सुबह धुंध और कोहरे के बीच 23 नवंबर तक मौसम ठंडा बना रहेगा।

दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने ली करवट, पारा गिरने से बढ़ेगी ठंड, जानें AQI का हाल
i
  • दिल्ली-NCR में उत्तरी-पश्चिमी हवाओं और पहाड़ों पर बर्फबारी के असर से ठंड और ठिठुरन बढ़ने लगी है।

  • मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 48 घंटों में रात के तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।

  • बुधवार सुबह दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में धुंध और हल्का कोहरा छाए रहने की संभावना है, जबकि कुछ जगहों पर कोहरा घना हो सकता है।

  • इस सप्ताह 19 से 23 नवंबर तक मौसम लगभग ऐसा ही रहने का अनुमान है। बारिश की संभावना नहीं है।

दिल्ली-NCR में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। सुबह और रात के समय ठंड बढ़ने के साथ लोगों को ठिठुरन महसूस होने लगी है। पहाड़ों पर हुई बर्फबारी और उत्तरी-पश्चिमी हवाओं के कारण मैदानी इलाकों में तापमान नीचे जा रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों में रात के तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। हालांकि, इसके बाद तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, बुधवार (18 नवंबर) को दिल्ली में अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। दिन में आसमान साफ रहेगा, लेकिन सुबह के समय धुंध और कोहरे के कारण लोगों को परेशानी हो सकती है।

सुबह धुंध और कोहरे से प्रभावित होगी विजिबिलिटी

दिल्ली में बुधवार सुबह ज्यादातर इलाकों में धुंध या हल्का कोहरा छाए रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर कोहरा अपेक्षाकृत घना हो सकता है, जिससे सड़कों पर दृश्यता प्रभावित होगी। ऐसे में सुबह घर से निकलने वाले लोगों को वाहन चलाते समय सावधानी बरतने की जरूरत है।

दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ होने की उम्मीद है। इस दौरान उत्तर-पश्चिम दिशा से 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। सुबह और रात के समय तापमान में गिरावट के चलते ठंड का असर ज्यादा महसूस होगा।


मंगलवार को 11.6 डिग्री रहा न्यूनतम तापमान

मंगलवार (17 नवंबर) को दिल्ली में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.7 डिग्री कम दर्ज किया गया। इस दौरान शहर में नमी का स्तर 96 से 100 प्रतिशत के बीच रहा।

पिछले 24 घंटों में दिल्ली के न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ। इस दौरान पश्चिमी हवाएं 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं।

23 नवंबर तक कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 19 से 23 नवंबर के बीच दिल्ली में मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही बना रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 25-26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11-14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। बारिश के आसार नहीं हैं।

उत्तर-पश्चिम भारत में फिलहाल किसी बड़े मौसमी बदलाव की संभावना नहीं है। ऐसे में दिल्ली-NCR में आने वाले दिनों में सुबह और रात की ठंड बढ़ने के साथ दिन में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य बना रह सकता है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए