Delhi-NCR Weather: दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में भारी बारिश, IMD का रेड अलर्ट जारी, आंधी-तूफान की भी चेतावनी

दिल्ली के कुछ इलाकों में शुक्रवार को हल्की से मध्यम बारिश हुई और मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है।

फोटो: सोशल मीडिया
i

राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में शुक्रवार को बारिश हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली में आने वाले कुछ घंटों में और बारिश, आंधी-तूफान और बिजली कड़कने का अनुमान जताया है और शहर के लिए रेड अलर्ट भी जारी किया है।

आईएमडी ने उत्तरी दिल्ली में गरज और बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान लगाया था जबकि राजधानी के कई अन्य हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश की उम्मीद थी। मौसम विभाग ने 12 और 13 सितंबर को बारिश का अनुमान लगाया है।

12 सितंबर के लिए आईएमडी ने सुबह से दोपहर तक कई जगहों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश के साथ-साथ गरज-चमक और बिजली गिरने का अनुमान लगाया है। शाम से रात तक हल्की से मध्यम बारिश का एक और दौर होने की संभावना है। इस बारिश से मौजूदा गर्मी से भी कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।


गुरुवार को दिल्ली में अधिकतम ताप मान 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि शनिवार से अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने की संभावना है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, मौजूदा मौसम की स्थिति इस क्षेत्र में मॉनसून की धुरी की हलचल से जुड़ी है। इस धुरी के दक्षिण की ओर खिसकने की उम्मीद है, जबकि शुक्रवार से पूर्वी हवाओं के हावी होने की संभावना है।

वीकेंड में उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और राजस्थान के कुछ हिस्सों में रुक-रुक कर मध्यम बारिश हो सकती है। हालांकि, बारिश मुख्य रूप से कुछ खास इलाकों तक ही सीमित रहने की उम्मीद है, जिसका दायरा केवल 30-40 प्रतिशत रहने का अनुमान है।