दिल्ली-NCR में मौसम ने ली करवट, कई इलाकों में झमाझम बारिश
IMD के अनुसार दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

दिल्ली-NCR में रविवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली और कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 15 मार्च 2026 के लिए क्षेत्र में बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार आज पूरे दिन आसमान ज्यादातर बादलों से घिरा रहेगा और सुबह से दोपहर तक हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की स्थिति बन सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक, इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। राजधानी के पालम क्षेत्र में सुबह-सुबह बारिश दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया और तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिली।
दिल्ली में आज कैसा रहेगा तापमान
IMD के अनुसार दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि 16 मार्च को भी राजधानी में आसमान में बादल छाए रह सकते हैं, जिससे मौसम में हल्की ठंडक बनी रह सकती है।
उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम का असर
मौसम विभाग ने 15 से 19 मार्च के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। इन क्षेत्रों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और बिजली गिरने की आशंका भी बनी रहेगी।
इन राज्यों में ओलावृष्टि का भी खतरा
IMD के अनुसार पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी इसी अवधि के दौरान बारिश होने की संभावना है। वहीं उत्तर प्रदेश के साथ-साथ पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान में हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पूर्वी उत्तर प्रदेश में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई है, जिससे किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia