दिल्ली-NCR में बारिश ने बदला मौसम, ठंड बढ़ने के साथ साफ हुई हवा, आज फिर येलो अलर्ट

दिल्ली-NCR में रातभर हुई बारिश से ठंड बढ़ गई है और AQI घटकर 133 पर पहुंच गया है। IMD ने आज बारिश और आंधी की आशंका के बीच येलो अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली-एनसीआर में येलो अलर्ट
i
  • दिल्ली-NCR में रातभर हुई बारिश से तापमान में गिरावट आई, ठंड बढ़ी।

  • बारिश के बाद दिल्ली का AQI 200 से ऊपर के स्तर से गिरकर शुक्रवार सुबह 4 बजे 133 दर्ज किया गया।

  • IMD ने आज बारिश, आंधी और बिजली कड़कने की आशंका के बीच दिल्ली-NCR में येलो अलर्ट जारी किया है।

  • अगले 24 से 48 घंटों तक बारिश की संभावना है, जबकि 1 और 2 नवंबर को मौसम साफ हो सकता है।

दिल्ली-NCR में रातभर हुई बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। तापमान में अचानक गिरावट आने से ठंड बढ़ गई है, वहीं बारिश का असर राजधानी की हवा पर भी दिखाई दिया है। पिछले दो दिनों से खराब श्रेणी में बना दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) शुक्रवार सुबह घटकर मध्यम श्रेणी में पहुंच गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, शुक्रवार सुबह 4 बजे दिल्ली का AQI 133 दर्ज किया गया। इससे पहले बुधवार और गुरुवार को यह 200 से ऊपर बना हुआ था।

मौसम विभाग (IMD) ने शुक्रवार, 30 अक्टूबर को भी दिल्ली-NCR के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। चक्रवाती तूफान 'अर्नब' और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले 24 से 48 घंटों के दौरान बारिश, तेज हवाओं और आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है।

आज भी बारिश और आंधी की संभावना, येलो अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को दिल्ली-NCR में आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। सुबह से दोपहर तक कई इलाकों में हल्की से बहुत हल्की बारिश हो सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली कड़कने की आशंका है। इस दौरान 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

पिछले 24 घंटों में दिल्ली के अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है, जबकि न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ा है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री और अधिकतम तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। उत्तर-पश्चिमी हवाएं 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं।


दिल्ली में तापमान में गिरावट

गुरुवार (29 अक्टूबर) को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.5 डिग्री अधिक था। वहीं, अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रहा। इसमें पिछले दिन के मुकाबले 6.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, हालांकि यह सामान्य से 5.6 डिग्री अधिक था। पालम में अधिकतम तापमान सबसे कम 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

IMD के मुताबिक, 31 अक्टूबर तक दिल्ली के आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट आने का अनुमान है। इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, नवंबर की शुरुआत के साथ मौसम में बदलाव आने की संभावना है। 1 और 2 नवंबर को आसमान साफ रहने और मौसम स्थिर होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने बदलते मौसम को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए