दिल्ली में आज इन रास्तों पर जाने से बचें, जंतर-मंतर प्रदर्शन को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
जंतर-मंतर पर 2 अक्टूबर को होने वाले प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कई रास्तों पर डायवर्जन और आवाजाही को लेकर एडवाइजरी जारी की है।

जंतर-मंतर प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में कई रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा।
कनॉट प्लेस, पटेल चौक, पार्लियामेंट स्ट्रीट समेत कई इलाकों से बचने की सलाह दी गई है।
वाहन चालकों से वैकल्पिक रास्ते अपनाने और ट्रैफिक पुलिस के निर्देश मानने को कहा गया है।
स्वामी नारायण मार्ग पर 25 अक्टूबर तक रात में सड़क निर्माण के कारण ट्रैफिक प्रभावित रहेगा।
जंतर-मंतर पर आज प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में नियंत्रित आवाजाही और ट्रैफिक पाबंदियों को देखते हुए वाहन चालकों से प्रभावित रास्तों पर जाने से बचने और यात्रा की योजना पहले से बनाने की अपील की गई है।
कनॉट प्लेस से पार्लियामेंट स्ट्रीट तक ट्रैफिक में बदलाव
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एक्स पोस्ट के जरिए बताया कि कनॉट प्लेस, पटेल चौक, जीपीओ, टॉल्स्टॉय मार्ग, जंतर-मंतर रोड, पार्लियामेंट स्ट्रीट और आसपास की सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्जन के नियम लागू रहेंगे।
ट्रैफिक पुलिस ने कनॉट प्लेस, पटेल चौक, जीपीओ, पार्लियामेंट स्ट्रीट और सेंट्रल दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन चालकों से वैकल्पिक रास्तों की योजना बनाने को कहा है। साथ ही यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर चलने और सड़क पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
जंतर-मंतर समेत इन रास्तों से बचने की सलाह
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से जहां तक संभव हो जंतर-मंतर, पार्लियामेंट स्ट्रीट, अशोक रोड और आसपास की सड़कों पर जाने से बचने को कहा है। एडवाइजरी में बताया गया है कि इन इलाकों में बैरिकेडिंग और ट्रैफिक डायवर्जन किया जा सकता है।
वाहन चालकों से धैर्य रखने, ट्रैफिक नियमों का पालन करने और मौके पर तैनात ट्रैफिक कर्मियों का सहयोग करने की अपील की गई है। जाम से बचने के लिए डायवर्जन के संकेतों और ट्रैफिक निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
पार्किंग पर रोक, धारा 163 भी लागू
ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि निर्धारित रास्तों या उनके आसपास वाहनों को रोकना और पार्क करना मना रहेगा। ऐसा करने से यातायात बाधित हो सकता है। सक्षम अधिकारी के आदेश के अनुसार संबंधित इलाके में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 लागू रहेगी।
जनता से मौके पर मौजूद सक्षम अधिकारियों और कर्मचारियों के सभी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
स्वामी नारायण मार्ग पर रात में भी ट्रैफिक प्रभावित
वहीं, स्वामी नारायण मार्ग पर पीडब्ल्यूडी के सीसी रोड निर्माण कार्य के कारण 1 से 25 अक्टूबर तक रात 11 बजे से सुबह 5 बजे के बीच यातायात प्रभावित रहेगा। इस दौरान नंद लाल मार्ग रेड लाइट और शास्त्री नगर रेड लाइट के बीच ट्रैफिक प्रभावित होने की जानकारी दी गई है।
यात्रियों को प्रभावित मार्ग से बचने, ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करने और यात्रा की योजना पहले से बनाने की सलाह दी गई है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
