दिल्ली: बाढ़ के खतरे के बीच यमुना ने पार किया चेतावनी स्तर, प्रशासन सतर्क
शहर के लिए चेतावनी चिह्न 204.5 मीटर है, जबकि खतरे का निशान 205.3 मीटर है और निकासी 206 मीटर पर शुरू होती है।

दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर आज 204.50 मीटर के चेतावनी स्तर को पार कर पुराने रेलवे पुल पर 204.88 मीटर तक पहुंच गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि सुबह आठ बजे पुराने रेलवे पुल पर यमुना का जलस्तर 204.88 मीटर था। अधिकारियों के अनुसार, संभावित बाढ़ जैसी स्थिति से निपटने के लिए एहतियाती कदम उठाने को लेकर सभी संबंधित एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया है।
शहर के लिए चेतावनी चिह्न 204.5 मीटर है, जबकि खतरे का निशान 205.3 मीटर है और निकासी 206 मीटर पर शुरू होती है। पुराना रेलवे पुल नदी के प्रवाह और संभावित बाढ़ के खतरों पर नजर रखने के लिए एक प्रमुख अवलोकन बिंदु के रूप में कार्य करता है।
केंद्रीय बाढ़ कक्ष के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘जल स्तर में वृद्धि का मुख्य कारण हथिनीकुंड बैराज से हर घंटे बड़ी मात्रा में पानी छोड़ा जाना है।’’
इस मॉनसून में पहली बार, हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से 50,000 क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा गया और यह सुबह करीब छह बजे 61,000 क्यूसेक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। अधिकारी ने बताया, ‘‘तब से हथिनीकुंड बैराज से हर घंटे 50,000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।’’
बैराज से छोड़े गए पानी को दिल्ली पहुंचने में आमतौर पर 48 से 50 घंटे लगते हैं।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia