दिल्ली: खतरे के निशान को पार कर रही यमुना नदी! जलस्तर बढ़ने से बाढ़ की चेतावनी जारी
दिल्ली में यमुना का जलस्तर मंगलवार को चेतावनी स्तर 204.50 मीटर पार कर 204.56 मीटर तक पहुंच गया, जिसके बाद केंद्रीय जल आयोग ने बाढ़ का अलर्ट जारी किया।

दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर मंगलवार को चेतावनी सीमा से ऊपर चला गया, जिसके बाद केंद्रीय जल आयोग ने शाम को बाढ़ की चेतावनी जारी की। मंगलवार रात 9 बजे पुराने रेलवे पुल (ओआरबी) पर जलस्तर 204.56 मीटर दर्ज किया गया। इससे पहले सुबह 9 बजे यह 204.58 मीटर था।
केंद्रीय जल आयोग ने आशंका जताई है कि जलस्तर बढ़कर 205.36 मीटर तक पहुंच सकता है। ऐसे में सभी संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने और संवेदनशील इलाकों में जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। नदी के तटबंधों के भीतर बसे लोगों को भी सतर्क कर सुरक्षित स्थानों पर ले जाने की तैयारी की जा रही है।
केंद्रीय बाढ़ कक्ष के एक अधिकारी के अनुसार, वजीराबाद और हथिनीकुंड बैराज से लगातार बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने की वजह से जलस्तर बढ़ रहा है। अनुमान है कि स्तर में और वृद्धि हो सकती है, हालांकि आज देर शाम तक यह खतरे के निशान से नीचे ही रहने की संभावना है।
गौरतलब है कि दिल्ली के लिए चेतावनी स्तर 204.50 मीटर, खतरे का निशान 205.33 मीटर और निकासी की सीमा 206 मीटर तय है। आमतौर पर बैराज से छोड़ा गया पानी दिल्ली तक पहुंचने में 48 से 50 घंटे का समय लेता है। ऊपरी इलाकों से आ रहा अतिरिक्त पानी भी राजधानी में जलस्तर बढ़ाने का कारण बन रहा है।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia