दिल्ली: CJI पर टिप्पणी को लेकर यूथ कांग्रेस का BJP सांसद निशिकांत दुबे के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन, बर्खास्त करने की मांग
युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा कि बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे द्वारा भारत के मुख्य न्यायाधीश और उच्चतम न्यायालय पर दिया गया बयान न केवल शर्मनाक है, बल्कि यह हमारे लोकतंत्र की नींव पर सीधा प्रहार है।

दिल्ली में भारतीय युवा कांग्रेस ने प्रधान न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजीव खन्ना के खिलाफ विवादित बयान देने वाले भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सांसद निशिकांत दुबे की बर्खास्तगी की मांग करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता दुबे के आवास की तरफ बढ़ने की तैयारी में थे, हालांकि पुलिस ने उन्हें रोक दिया।
युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा, "बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे द्वारा भारत के मुख्य न्यायाधीश और उच्चतम न्यायालय पर दिया गया बयान न केवल शर्मनाक है, बल्कि यह हमारे लोकतंत्र की नींव पर सीधा प्रहार है।"
उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय न्यायपालिका की स्वतंत्रता हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था की आत्मा है, और इसे किसी भी कीमत पर सुरक्षित रखना हमारा कर्तव्य है।
दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष अक्षय लाकड़ा ने कहा कि न्यायपालिका पर इस प्रकार के हमले सीधे तौर पर प्रधानमंत्री के इशारे पर हो रहे हैं, जो यह दर्शाता है कि लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने की साजिश चल रही है। उन्होंने कहा कि दुबे को संसद की सदस्यता से बर्खास्त किया जाना चाहिए।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia